प्रधान पद के लिए 246 लोगों ने खरीदा नामांकन पत्र
तीनों पदों के लिए मंगलवार को बिके 365 पर्चे जिला पंचायत सदस्य के लिए कलेक्ट्रेट में आज मिलेगा
तीनों पदों के लिए मंगलवार को बिके 365 पर्चे, जिला पंचायत सदस्य के लिए कलेक्ट्रेट में आज मिलेगा नाम निर्देशन फार्म
-------------------
जागरण टीम, बलरामपुर :
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दावेदारों ने मंगलवार को नामांकन पत्रों की खरीद की। नौ ब्लाकों में प्रधान पद के लिए 246 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 70 लोगों ने विभिन्न नामों से पर्चा खरीदा। सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए सबसे अधिक 98 फार्म बिके हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र बुधवार से कलेक्ट्रेट परिसर में बेचे जाएंगे।
सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए 98, सदस्य ग्राम पंचायत 15 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 16 नामांकन फार्मों की बिक्री की गई है। खंड विकास अधिकारी उतरौला दिव्या त्रिपाठी ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री मंगलवार को दोपहर बाद शुरू हुई। पहले दिन ग्राम प्रधान पदों के लिए 12 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के दो पर्चे बिके। सदस्य पद के लिए एक भी आवेदन नहीं बिका है। एडीओ पंचायत श्रीदत्तगंज बाबूराम पांडेय ने बताया कि 20 काउंटर बनाए गए हैं। क्षेत्र पंचायत, ग्राम प्रधान व सदस्य के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री शून्य रही। गैंसड़ी में नामांकन पत्रों की खरीदारी दावेदारों ने शुभ मुहूर्त देखकर की। एडीओ पंचायत राधेश्याम ने बताया कि 13 न्याय पंचायतों के लिए 26 काउंटर बनाए गए हैं। प्रधान पद 42, बीडीसी 19, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए एक भी पर्चा नहीं बिका। तुलसीपुर के सहायक विकास अधिकारी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधान 34, क्षेत्र पंचायत सदस्य नौ और सदस्य ग्राम पंचायत के लिए 34 नामांकन पत्र बिके हैं। खंड विकास अधिकारी हर्रैया सतघरवा सागर सिंह ने बताया कि प्रधान दो और क्षेत्र पंचायत सदस्य के चार पर्चे बिके हैं। रेहरा बाजार में प्रधान पद के लिए 25 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 15, गैंडासबुजुर्ग में तीनों पदों के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं बिका। पचपेड़वा में प्रधान 33 व बीडीसी के पांच पर्चे बेचे गए हैं।