धनतेरस की खरीदारी के लिए तैयार हो रहे बाजार
संवादसूत्र बलरामपुर प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर बाजार सजने लगे हैं। धनतेरस की खरीद क
संवादसूत्र, बलरामपुर :
प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर बाजार सजने लगे हैं। धनतेरस की खरीद के लिए बाजार में घरेलू उत्पाद, आभूषण, बर्तन, आटोमोबाइल, फर्नीचर, कपड़े व घरेलू उपयोग के वस्तुओं के दुकानों की रौनक बढ़ गई है। ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक उपहार व विशेष छूट देने की तैयारी है। साथ ही दिवाली मेले को लेकर बड़ा परेड ग्राउंड में झूले व टेंट पहुंचने लगे हैं। सिक्कों की जमकर होती है खरीदारी :
-दीपावली में चांदी के गणेश-लक्ष्मी बने सिक्कों के पूजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि चांदी के सिक्कों की पूजा करने से महालक्ष्मी की कृपा होती है। साथ ही परिवार में शुभ-लाभ की प्राप्ति होती है। इसी को लेकर आभूषण विक्रेताओं के यहां हर साल धनतरेस पर चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी की जाती है। सराफा व्यवसायी आरिफ ने बताया कि इस बार धनतेरस में अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। कपड़ा व्यवसायी प्रशांत गुप्त ने बताया कि साड़ी व सूट की मांग को देखते हुए स्टाक कर लिया गया है। खरीदार भी आने लगे हैं। दिवाली तक बाजार गुलजार रहने की उम्मीद है।
बर्तन व दीये की शुरू तैयारी :
-दीपावली पर पूजन के लिए स्टील के बर्तनों की भी जमकर खरीदारी होती है। धनतरेस को लेकर ठठेरी बाजार में बर्तनों की दुकानों पर तैयारी शुरू कर दी गई। साथ ही मिट्टी के दीपक व घंटी भी बाजारों में दिखने लगे हैं।
राज्यमंत्री करेंगे दिवाली मेला का उद्घाटन :
-नगर के बड़ा परेड ग्राउंड में 28 अक्टूबर से तीन नवंबर तक दिवाली मेला का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्ट्रीट वेंडर्स व स्वयं सहायता समूहों को स्थान आवंटित कर स्टाल लगाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले आदि का भी प्रबंध रहेगा। अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष ने बताया कि दीपावली मेला का शुभारंभ राज्यमंत्री पल्टूराम करेंगे। तीन नवंबर को मेला का समापन किया जाएगा।