पंचायत प्रतिनिधियों के 2524 दावेदारों ने खरीदे नामांकन फार्म
प्रधान के 1305 बीडीसी 571 जिला पंचायत सदस्य 89 और सदस्य ग्राम पंचायत के 559 पर्चे बिके
बलरामपुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए विभिन्न पदों के दावेदारों ने नामांकन पत्रों की खरीद तेज कर दी है। शुक्रवार को नौ ब्लाकों में प्रधान पद के लिए 1305 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 571 लोगों व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 559 लोगों ने विभिन्न नामों से पर्चा खरीदा। गैंसड़ी विकास खंड में प्रधान पद के लिए सर्वाधिक 250 व गैंड़ासबुजर्ग में सबसे कम 48 फार्म बिके हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 89 नाम निर्देशन फार्म खरीदे गए।
सदर ब्लाक के एडीओ पंचायत अशोक कुमार दूबे ने बताया कि सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए 156, सदस्य ग्राम पंचायत 50 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 83 नामांकन फार्मों की बिक्री की गई है। खंड विकास अधिकारी उतरौला दिव्या त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम प्रधान पदों के लिए 85, ग्राम पंचायत सदस्य 33 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के 28 पर्चे बिके। एडीओ पंचायत श्रीदत्तगंज बाबूराम पांडेय ने बताया कि प्रधान के 98, सदस्य के 13 व क्षेत्र पंचायत के 47 पर्चे खरीदे गए।
गैंसड़ी के एडीओ पंचायत राधेश्याम ने बताया कि प्रधान पद के लिए 250, बीडीसी 52 व सदस्य के 140 पर्चे, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 194 पर्चे बिके। तुलसीपुर के सहायक विकास अधिकारी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधान 234, क्षेत्र पंचायत सदस्य 127 और सदस्य ग्राम पंचायत के लिए 128 नामांकन पत्र बिके हैं।
खंड विकास अधिकारी हर्रैया सतघरवा सागर सिंह ने बताया कि प्रधान 119, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 37 व ग्राम पंचायत सदस्य के 81 पर्चे बिके हैं। रेहराबाजार में प्रधान पद के लिए 135 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 78 व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 90 पर्चे दावेदारों ने खरीदे। पचपेड़वा में प्रधान 180, सदस्य 17 व बीडीसी के 37 पर्चे बेचे गए हैं। गैंडासबुजुर्ग में प्रधान 48, सदस्य पंचायत 13 और बीडीसी के 47 नामांकन पत्र बिके हैं।