थाली में गिरा पत्थर, पड़ोसी ने किशोरी को जलाकर मार डाला
जासं बलरामपुर देहात कोतवाली क्षेत्र के सोनौढ़ी गांव में 13 वर्षीया वंदना चौरसिया पुत्री विश्राम को केरोसिन डाल जलाकर मार डालने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। खाने की थाली में पत्थर गिरने पर पड़ोसी ने दिल दहला देने वाली इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित रामू बढ़ई को गिरफ्तार कर लिया है।
जासं, बलरामपुर : देहात कोतवाली क्षेत्र के सोनौढ़ी गांव में 13 वर्षीया वंदना चौरसिया पुत्री विश्राम को केरोसिन डाल जलाकर मार डालने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। खाने की थाली में पत्थर गिरने पर पड़ोसी ने दिल दहला देने वाली इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित रामू बढ़ई को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि सोनौढ़ी गांव में रामू बढ़ई व विश्राम चौरसिया का घर अगल-बगल है। शुक्रवार की शाम रामू बढ़ई अपने घर में खाना खा रहा था। इसी बीच विश्राम के घर की तरफ से एक पत्थर उसकी थाली में आकर गिरा। गुस्से में रामू, विश्राम के घर पहुंचा। उस समय घर में विश्राम की 13 वर्षीय पुत्री वंदना व पांच साल की खुशबू ही मौजूद थीं। रामू ने घर में पहुंचते ही वंदना को पीटना शुरू कर दिया। वंदना कमरे के अंदर भागी तो रामू ने कमरे में रखा मिट्टी का तेल उसके ऊपर डाल कर आग लगा दी। वंदना के जलते ही रामू बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर फरार हो गया। घटना के समय वंदना का पिता विश्राम चौरसिया काम के सिलसिले में बाहर व मां फूला देवी खेत गई थी। जब फूला घर में पहुंची तो उसने दरवाजा खोला। कमरे के अंदर वंदना का जला हुआ शव पड़ा था। फूला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बताया कि बंदरों को भगाने के लिए बच्चों ने पत्थर फेंका था। जो रामू बढई के खाने की थाली में गिर गया। आवेश में आकर रामू ने वंदना की पिटाई कर दी। इसके बाद केरोसिन डालकर जला दिया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।