गंगा में स्नान करते समय युवक डूबा, शव बरामद
जागरण संवाददाता बलिया शहर से सटे राम बालक दास कुटिया के समीप शुक्रवार की सुबह गंगा
जागरण संवाददाता, बलिया : शहर से सटे राम बालक दास कुटिया के समीप शुक्रवार की सुबह गंगा में स्नान करते समय रामपुर उदयभान निवासी 40 वर्षीय सचिन गुप्ता पुत्र हरेरम डूब गया। एक घंटे बाद पुलिस व गोताखोरों के प्रयास से शव को बरामद कर लिया गया। इससे उसके स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार्तिक मास में युवक अपने शहर के दोस्तों के साथ गंगा में स्नान करने प्रतिदिन सुबह जाता था। सुबह भी वह अपने घर से हमेशा की भांति गंगा स्नान करने के लिए निकाला। दोस्तों के साथ गंगा तट पर पहुंच गया। इसके बाद सभी स्नान करने लगे। इसी बीच यह गहरे पानी में चला गया। जब तक दोस्त कुछ समझते वह डूब गया। यह देख उसके दोस्त हो हल्ला मचाने लगे। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मल्लाहों के सहयोग से शव की तलाश शुरू की गई। पुलिस के साथ पहुंचे गोताखोरों के अथक प्रयास से शव बरामद कर लिया गया। इससे उसके स्वजनों में कोहराम मच गया। युवक दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था।