बाढ़ क्षेत्र में अंजान बीमारी से दो लोगों की मौत, कई चपेट में
जागरण संवाददाता बिल्थरारोड (बलिया) सरयू किनारे बाढ़ प्रभावित तुर्तीपार गांव में अंजान बीमा
जागरण संवाददाता, बिल्थरारोड (बलिया) : सरयू किनारे बाढ़ प्रभावित तुर्तीपार गांव में अंजान बीमारी ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। महज एक सप्ताह में माली टोला में दो लोगों की मौत हो गई। कई लोग अस्पताल में भर्ती है। सभी की बीमारी के लक्षण एक जैसे होने से गांव में हड़कंप मचा है।
गांव के माली टोला निवासी रामनाथ माली (65 वर्ष) को गत 24 अगस्त को अचानक सांस फूलने पर अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। इस बीमारी को अभी लोग समझ भी नहीं पाए थे कि 28 अगस्त को इसी टोला निवासी रामविलास माली (64 वर्ष) की भी अचानक सांस फूलने लगी और परिजन कुछ समझ पाते कि सुबह में मौत हो गई। परिजनों ने दोनों मृतकों के शवों का दाह संस्कार कर दिया।
गांव निवासी उर्मिला देवी समेत कई लोग अभी इसी बीमारी का उपचार अस्पतालों में करा रहे हैं। ग्राम प्रधान आलोक सिंह ने बताया कि बाढ़ग्रस्त तुर्तीपार के अधिकांश रिहायशी क्षेत्र में लोगों को विभागीय लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग से किसी तरह के छिड़काव व दवाओं आदि का वितरण नहीं किया गया है। गांव में अंजान बीमारी के बढ़ने की आशंका है। बहुत से पशुओं के भी बीमार होने की सूचना है। इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।