जीवित्पुत्रिका व्रत आज, बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़
जागरण संवाददाता बलिया संतान के दीर्घायु सुखी व स्वस्थ रहने की कामना के लिए आश्विन मास कृष्ण पक्ष अष्टमी को किया जाने वाला जीवित्पुत्रिका व्रत जिउतिया की तैयारी को लेकर जनपद के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में व्रत के एक दिन पूर्व 21 सितंबर शनिवार को महिलाओं की काफी भीड़ रही।
जागरण संवाददाता, बलिया : पुत्र के दीर्घ जीवन, सुख व स्वास्थ्य की कामना के साथ महिलाएं रविवार को जीवित्पुत्रिका का व्रत करेंगी। आश्विन मास कृष्ण पक्ष अष्टमी को किया जाने वाला जीवित्पुत्रिका व्रत 'जिउतिया' की तैयारी को लेकर शनिवार को महिलाएं पूरे दिन सक्रिय रहीं। जनपद के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कई स्थानों पर महिलाएं जिउतिया गुंथवाने में जुटी थीं तो कुछ धागा का जिउतिया खरीद रही थीं। सब्जी बाजार में सतपुतिया व नोनी की साग की खरीददारी के लिए काफी भीड़ थी। इसी के साथ मड़ुवा व उसके आटा की बिक्री भी खूब हुई। शनिवार को नहाय-खाय के दिन व्रती महिलाएं सुबह खड़ा मड़ुआ, सतपुतिया, नोनी का साग पानी से ग्रहण किया। सुबह मड़ुआ की लिटी बनाकर उसे भोजन के रूप में ग्रहण किया। इसके साथ ही रसोई घर व मकान के अन्य हिस्सों की साफ-सफाई का दौर चलता रहा। तीसरे पहर से घर-घर में महिलाएं ओठगन, ठेकुआ, पूड़ी, सतपुतिया की सब्जी आदि बनाने में जुट गईं। भोर में चिल्हो-सियारो को घर की परंपरा के अनुसार ठेकुआ-पूड़ी या ओठगन आदि देने के बाद 22 सितंबर रविवार को महिलाएं यह निर्जला व्रत करेंगी।