मुंडन संस्कार में उमड़ी भीड़, यातायात बाधित
क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाट शुक्रवार को मुंडन संस्कार को लेकर गुलजार दिखे। सुबह से ही मंगल गीत गाती महिलाओं से लदे वाहन गंगा तट की तरफ जाते रहे। इससे कई स्थानों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
जासं, मझौवां (बलिया) : क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाट शुक्रवार को मुंडन संस्कार को लेकर गुलजार दिखे। सुबह से ही मंगल गीत गाती महिलाओं से लदे वाहन गंगा तट की तरफ जाते रहे। इससे कई स्थानों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। मुंडन संस्कार के चलते हुकुम छपरा, गंगापुर, पचरुखिया, मझौवां, हल्दी, जवहीं, दुर्जनपुर आदि गंगा घाटों पर जुटी हजारों की भीड़ के कारण बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर जाम की स्थिति रही। राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम हटाने, भीड़ को तितर-बीतर करने में प्रशासन हलकान रहा। वहीं पचरुखिया गंगा तट पर भीड़भाड़ के चलते बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर पचरुखिया से रामगढ़ व मझौवां तक वाहनों की लंबी कतार से जाम लगी रही।