जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
जागरण संवाददाता बांसडीहरोड (बलिया) क्षेत्र के तिवारी बरहटा निवासी छह माह पूर्व सेना में
जागरण संवाददाता, बांसडीहरोड (बलिया): क्षेत्र के तिवारी बरहटा निवासी छह माह पूर्व सेना में भर्ती हुए जवान अमित कुमार गुप्ता उर्फ पप्पू (20) का पार्थिव शरीर गुरुवार की देर शाम उसके गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। जवान के अंतिम दर्शन को समूचे गांव में आस पास व दूरदराज के लोग पहुंच गए। प्रदेश सरकार के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर सरकार की तरफ से श्रद्धांजलि दी।
रमाशंकर साह का पुत्र पप्पू छह माह पहले ही सेना में भर्ती हुआ था। उसकी बिहार प्रांत के दानापुर स्थित गोरखा रेजिमेंट की छावनी में ट्रेनिग चल रही थी। 15 तारीख को सैन्य अभ्यास के दौरान कराई जाने वाली 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उसने दो घूंट पानी पी लिया। इसके बाद चक्कर आने से वह वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रेजिमेंट द्वारा जवान के घर इसकी सूचना दी गई।तो वहां कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव उसके गांव पहुंचाया गया। जवान की मा जानकी देवी व बहन इंदू व रेणु का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला चेयरमैन प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता, कांग्रेस नेता ओम प्रकाश तिवारी, अखिलेश सिंह मानवेंद्र विक्रम सिंह, समरजीत बहादुर सिंह आदि ने परिवार वालों को ढांढस बंधाया। इस दौरान गोरखा रेजिमेंट द्वारा जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।