मौसम ने ली करवट, अचानक बढ़ गई कंपकपी
वसंत पंचमी के दिन मौसम ने अचानक करवट ले लिया। सभी लोग पूजा-पाठ में जुटे थे तभी आसमान में बादलों को जमघट शुरू हो गई और भगवान भाष्कर आलोपित हो चले।
जागरण संवाददाता, बलिया : वसंत पंचमी के दिन मौसम ने अचानक करवट ले लिया। सभी लोग पूजा-पाठ में जुटे थे तभी आसमान में बादलों को जमघट शुरू हो गई और भगवान भाष्कर आलोपित हो चले। अचानक कंपकपी बढ़ने से लोग भी परेशान हो गए। धुंध से ढ़की सुबह के बाद दिन चढ़ने के साथ ही मौसम में नमी आ गई। देखते ही देखते न सिर्फ तपिश में कमी हुई बल्कि सूर्य और बादलों के बीच आंख-मिचौली भी शुरु हो गई। आसमान में बादलों की जमघट के साथ हवा की युगलबंदी से ठंड का असर बढ़ गया। धुंध के कारण सड़क पर वाहन लाइट जलाकर चले। मौसम में आए दिन हो रहे परिवर्तन से कभी मौसम गर्म तो कभी ठंड हो जा रहा है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-शाम गलन का प्रकोप बढ़ने से आम जनजीवन काफी प्रभावित रहा। मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन से लोग तरह-तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे है।
-
फसल पर भी पड़ेगा असर
इस तरह के मौसम से फसल पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। किसान बताते हैं कि सरसों, टमाटर, परवल, गेहूं, चना के फसल पर काफी असर पड़ेगा। ऐसे मौसम में सरसों के फूल पर कई तरह कीट हमला बोल देते हैं। वहीं चना, गेहूं के के फसल का भी विकास रूक जाता है। टमाटर के पौधे भी ऐसे मौसम में झुलस जाते हैं।
-
तीन डिग्री लुढ़का पारा
बुधवार को मौसम का मिजाज काफी तल्ख था। कृषि मौसम विज्ञान विभाग की सोहांव शाखा के कृषि वैज्ञानिक रवि प्रकाश मौर्य के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य के मुकाबले एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि हवा की गति महज 6.1 किमी/ घंटा थी। वहीं गुरुवार की सुबह अचानक मौसम ने अपना मूड बदल दिया। धुंध के साथ सुबह की शुरुआत हुई। आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रहा। करीब 18 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने कंपकपी छुड़ा दी। सर्द हवा की वजह से दिन का अधिकमत तापमान जहां 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क कर 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।