ग्रामीणों ने कीचड़युक्त मार्ग पर रोपा धान
जागरण संवाददाता नगरा (बलिया) भीमपुरा क्षेत्र के पतोई गांव की चौहान बस्ती के ग्रामीणों ने कीचड़युक्त कच्चा मुख्यमार्ग होने की समस्या से आजिज आकर शुक्रवार को मार्ग पर धान की रोपाई के साथ ही सड़क नहीं तो वोट नहीं का बैनर भी लगा दिया।
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया) : भीमपुरा क्षेत्र के पतोई गांव की चौहान बस्ती के ग्रामीणों ने कीचड़युक्त कच्चा मुख्यमार्ग की समस्या से आजिज आकर शुक्रवार को मार्ग पर ही धान की रोपाई कर विरोध जताया। सड़क नहीं तो वोट नहीं का बैनर भी लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि इस विकट समस्या से ग्राम प्रधान सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को बार-बार अवगत कराया गया लेकिन एक दशक बीतने के बाद भी मुख्य मार्ग के हालात नहीं बदले। आज भी बरसात के दिनों में मार्ग पर जलजमाव के साथ ही कीचड़ की समस्या बनी रहती है।
सीयर विकास खण्ड के पतोई गांव का एक मौजा है चौहान बस्ती। इस बस्ती में लगभग पचास परिवारों का कुनबा निवास करता है। बस्ती में जाने के लिए एक ही मुख्य मार्ग है। लगभग एक किलोमीटर रास्ते में दो सौ मीटर खड़ंजा के बाद बाकी कच्चा रास्ता है जो बरसात के समय कीचड़युक्त हो जाता है। इसकी लिखित शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व मंडलायुक्त आ•ामगढ़ को भेजी लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। विरोध दर्ज कराने वालों में सुनील चौहान, मुन्ना चौहान, बलजीत चौहान, प्रमोद चौहान, अवधेश चौहान, शिवमुनि चौहान, रामजी चौहान, बचिया देवी, मायावती चौहान आदि लोग थे।
रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक क्षेत्र के नगपुरा ग्राम सभा के राजभर बस्ती की बदहाल सड़क पर शुक्रवार को आक्रोशित महिलाओं ने धान की रोपाई कर अपना विरोध जताया। मीरा देवी, अंजू देवी, प्रतिभा, सरस्वती तथा अखिलेश, राजकुमार आदि ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की अनदेखी के चलते यह दुर्दशा हुई है।