ठंड में रोडवेज की घटी कमाई, दो सप्ताह बाद सुधरेंगे हालात
जागरण संवाददाता बलिया कड़ाके की ठंड व कोहरे के चलते राज्य सड़क परिवहन निगम (रोड
जागरण संवाददाता, बलिया : कड़ाके की ठंड व कोहरे के चलते राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को घाटा हो रहा है। ठिठुरन भरी ठंड के कारण पारा छह के नीचे आ गया है। पिछले दो दिनों से बूंदाबादी से धूप भी नहीं निकल रही है। ऐसे में लोग घरों में दुबके पड़े हैं। सड़कें कोहरे की चादर से ढंकी रह रही हैं। रोडवेज की बसें यात्रियों की आस में खाली दौड़ रही हैं। बीते एक पखवारे से गलन भरी ठंड में बलिया डिपो को एक से डेढ़ लाख रुपये के राजस्व की कमी आई है। प्रतिदिन सात से आठ लाख की आमदनी करने वाले डिपो की आय 25 फीसदी तक कम हो गई है। बलिया डिपो से राजधानी सहित कानपुर, गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़ के लिए 70 बसों का प्रतिदिन संचालन होता है। यात्रियों के अभाव में रोज कई बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। वहीं कुछ ट्रेनों का संचालन बंद होने से उस रूट के बसों के यात्री मिल रहे हैं। एकाउंटेंट मनोज पांडेय ने कहा कि रोडवेज की आय यात्रियों पर निर्भर होती है। ठंड के कारण यात्री कम हैं। दो सप्ताह बाद मौसम साफ होते ही फिर आय बढ़ेगी।