पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस के जवानों ने किया फ्लैग मार्च
जागरण संवाददाता बलिया विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में रविवार को पैरामिलिट्री फो
जागरण संवाददाता, बलिया : विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में रविवार को पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आमजनता में सुरक्षा का अहसास कराया गया। मनियर, बांसडीह, रसड़ा, सिकंदरपुर, रेवती व बैरिया थाना क्षेत्रों में एसएसबी की तीन कंपनी के 500 जवानों व पुलिस वालों ने भ्रमण किया। जवानों के साथ संबंधित सर्किल के सीओ व थानेदारों ने आमजन को आचार संहिता के अनुपालन के बारे में बताया। चट्टी-चौराहों पर पैरामिलिट्री के जवानों की उपस्थिति लोगों के लिए चर्चा का विषय बनी रही। अलग-अलग प्लाटून में बंटी सशस्त्र सीमा बल की कंपनियों के जवानों की टुकड़ियों ने कदमताल किया। विधानसभा चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में पैरामिलिट्री फोर्स का आगमन शुरू हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने कहा कि आचार संहिता का पालन कराने के लिए पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक स्थिति से अवगत होकर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जा रहे हैं।