सड़क हादसों में किशोर व मजदूर की गई जान, विरोध में चक्का जाम
जागरण संवाददाता बलिया यातायात नियमों का अनुपालन न होने तथा रफ्तार की मार से जनपद में सड
जागरण संवाददाता, बलिया : यातायात नियमों का अनुपालन न होने तथा रफ्तार की मार से जनपद में सड़क हादसों की बाढ़ आ गई है। प्रशासन की ओर से जागरुकता अभियान चलाने के बाद भी हादसों का दौर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। रविवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में किशोर व मजदूर की जान चली गई। इन दुर्घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया।
बैरिया : राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के सोनबरसा गांव के सामने पिकअप की चपेट में से सुनील माली (15 वर्ष) पुत्र भुलन माली की मौत हो गई। किशोर खेत में काम कर रहे अपने पिता को खाना लेकर जा रहा था। इसी बीच तेज गति से आई पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित जनता ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान वाहनों की कतार लग गई। जाम के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
एसएचओ संजय त्रिपाठी ने जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया किन्तु ग्रामीण पुलिस को देखते ही उग्र हो गए। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की। मौके से ही डीएम, एसडीएम व सीओ से बात कर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सपा नेता मनोज सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क दुर्घटना पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। तत्काल पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उप जिलाधिकारी प्रशांत कुमार नायक ने 10 दिनों के भीतर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने व सोनबरसा मोड़ पर गति अवरोधक लगाने का आश्वासन दिया। एसएचओ ने बताया कि दुर्घटना करने वाली पिकअप को बरामद कर चालक प्रिस मिश्र निवासी केवरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिल्थरारोड : उधर उभांव थाना के खैरा गांव में घाघरा किनारे सफेद बालू निकालने के दौरान एक ट्रक का टायर फिसलने से नीचे दबकर मजदूर लोरिक राजभर (45) की मौत हो गई। घटना के बाद नदी किनारे मजदूरों में हड़कंप मच गया। घाघरा किनारे लोरिक राजभर सफेद बालू निकासी में मजदूरी का काम कर रहा था। अचानक ट्रक का टायर बालू में फिसल गया और बेकाबू होकर ट्रक सीधे मजदूर को रौंदते हुए आगे निकल गया। मृतक की पत्नी ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।