दो लाख से अधिक आबादी हुई बाढ़ से प्रभावित
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : बैरिया तहसील में बाढ़ से लगभग दो लाख 15 हजार की आबादी प्र
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : बैरिया तहसील में बाढ़ से लगभग दो लाख 15 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। कुल डेढ़ दर्जन गांवों के लगभग 10 हजार एकड़ में खड़ी खरीफ की फसल नष्ट हो गई है। प्रशासन का दावा है कि वह राहत व बचाव के नाम पर एक लाख 45 हजार लोगों के लिए राहत सामग्री उपलब्ध करा चुकी है। शेष को दो दिनों के भीतर राहत सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है। वहीं इस बाढ़ में कहीं भी न तो जनप्रतिनिधियों ने पीड़ितों को अपनी ओर से मदद पहुंचाई, न ही स्वयंसेवी संगठनों ने। जो कुछ बाढ़ पीड़ितों को मिला वह सरकार का दिया हुआ ही मिला। 2019 का आम चुनाव सिर पर है, बावजूद इसके बाढ़ पीड़ितों की परेशानियों के प्रति कोई भी राजनीतिक दल गंभीरता नहीं दिखा रहा।
तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने बताया कि गोपाल नगर, मानगढ़, वशिष्ठ नगर, शिवाल मठिया, गोपाल नगर टाड़ी, देवपुर मठिया, बैजनाथ के डेरा, भूपनाथ के डेरा, गुमानी के डेरा, टोला फतेराय, चांद दियर, यादव नगर, पलटू नगर, टिपूरी, इब्राहिमाबाद नौबरार गांवों के सभी बाढ़ पीड़ितों में शासन से मिली राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। रामपुर कोड़रहा में राहत सामग्री वितरित की जा रही है। भुवाल छपरा, चक्की नौरंगा, नौरंगा आदि गांवों के बाढ़ पीड़ितों को भी दो दिनों के भीतर राहत सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। तहसीलदार ने लोगों से आग्रह किया है कि जो लोग किन्हीं कारणवश राहत सामग्री से वंचित हो गए हैं, उनकी सूचना मुझे दें, उन्हें भी राहत सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी।