मकर संक्रांति कल, बाजार में खरीदारी तेज
पौष मास की संक्रांति को जब सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब मकर संक्रांति मनाई जाती है। शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे से संक्रांति पर्व की शुरुआत होगी। ऐसे में दान-पुण्य का त्यौहार शनिवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर घरों में तैयारी की जा रही है।
जागरण संवाददाता, बलिया : पौष मास की संक्रांति को जब सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब मकर संक्रांति मनाई जाती है। शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे से संक्रांति पर्व की शुरुआत होगी। ऐसे में दान-पुण्य का त्यौहार शनिवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर घरों में तैयारी की जा रही है। बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को और भीड़ जुटने की संभावना है। मकर संक्रांति पर गंगा स्नान की मान्यता है। इसके लिए घाटों पर भारी भीड़ जुटती है। इसको लेकर पुलिस व प्रशासन भी व्यवस्था में जुटा है। इस पर्व पर सूर्य की उपासना, गरीबों को भोजन कराना व दान-पुण्य का बड़ा महत्व होता है। बाजार में तिल-गुड़, लाई, चिवड़ा आदि की बिक्री काफी बढ़ गई है। घरों में महिलाएं भी इन सामग्रियों को तैयार करने में जुटी हैं। वहीं बच्चों से लेकर युवाओं में पतंगबाजी को लेकर उत्साह छाया है। दुकानों पर तरह-तरह की रंग-बिरंगी पतंगें बिक रही हैं। दुकानों पर बच्चों से लेकर युवाओं की भीड़ जुट रही है।