मकर संक्रांति आज, गंगा तटों पर उमड़ेगी आस्था
जागरण संवाददाता बलिया मकर संक्रांति आज शनिवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर गंगा तटों पर
जागरण संवाददाता, बलिया : मकर संक्रांति आज शनिवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर गंगा तटों पर आस्था उमड़ेगी। बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान करने पहुंचेंगे। वहीं त्योहार की तैयारी को लेकर शुक्रवार को बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। घरों में तैयारी चलती रही। लाई, चूड़ा व तिलवा की खूब बिक्री हुई। दही-चिवड़ा की मांग भी अधिक रही। वहीं पतंग की दुकानों पर बच्चों व युवाओं का तांता लगा रहा।
चहुंओर उत्साह छाया रहा। बाजार में भीड़ से शहर में कई बार जाम की स्थिति बन गई। यातायात पुलिस के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुकानों पर अधिकांश महिलाएं व बच्चे नजर आ रहे थे। मकर संक्रांति पर गंगा स्नान की मान्यता है। इसके लिए घाटों पर भारी भीड़ जुटती है। इसको लेकर पुलिस व प्रशासन ने व्यवस्था की है।
महावीर घाट, शिवरामपुर घाट, मटिही, भरौली, उजियार, चौसठ बंधा, मझौवां, सती घाट आदि स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगी। किसी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए दो ड्रोन कैमरों से भी निगरानी करने की व्यवस्था बनाई गई है।