हंसी मजाक पड़ा भारी, दोनों के हथियार लाइसेंस होंगे रद
बलिया फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली चट्टी पर हंसी मजाक के दौरान हुए विव
जागरण संवाददाता, बलिया : फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली चट्टी पर हंसी मजाक के दौरान हुए विवाद में हथियार लहराना दोनों पक्षों को महंगा पड़ेगा। फेफना थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों के हथियारों का लाइसेंस रद करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। इन दोनों ने विवाद के बाद अपने हथियारों को थाने में जमा कर दिया है।
सागरपाली चट्टी पर हंसी मजाक के दौरान आराजीमाफी निवासी संतोष सिंह उर्फ बब्बू व संग्राम सिंह उर्फ कुन्नू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान कुन्नू ने पिस्टल की मुठिया से बब्बू सिंह के सिर पर प्रहार कर दिया। उपस्थित लोगों ने मामले को किसी तरह शांत कर दोनों पक्षों को वापस घर भेज दिया। कुछ देर बाद बब्बू सिंह के समर्थन में दर्जनों ग्रामीण लामबंद होकर थाने पहुंच गए। कुन्नू सिंह का पिस्टल का लाइसेंस रद करने के लिए हंगामा करने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मिले तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में लग गई। थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर सूचना देने के बाद भी बब्बू सिंह व कुन्नू ने अपना लाइसेंसी हथियार जमा नहीं किया। इन दोनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। दोनों का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजा गया है।