कीर्तन का चौथे महीने में प्रवेश, भक्त उत्साहित
जासं सुखपुरा (बलिया) संत यतीनाथ मंदिर सुखपुरा में तीसरी बार शुरू कीर्तन चौथे महीने में प्रवेश कर गया। इसको लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
जासं, सुखपुरा (बलिया) : संत यतीनाथ मंदिर सुखपुरा में तीसरी बार शुरू कीर्तन चौथे महीने में प्रवेश कर गया। इसको लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कीर्तन के चौथे महीने में प्रवेश करने की खुशी में प्रसाद स्वरूप एक दूसरे को मिठाई खिलाया गया। स्वामी हरिहरानंद के निर्देश व आशीर्वाद स्वरूप यहां दो बार कीर्तन सफलतापूर्वक चला। पहली बार एक वर्ष और दूसरी बार तीन वर्ष बिना नागा के अखंड कीर्तन चलता रहा।
दूसरी बार चल रहे कीर्तन में कतिपय लोगों के अवरोध उत्पन्न करने के कारण कीर्तन को अचानक बंद करना पड़ा था। बावजूद इसके कीर्तन से जुड़े लोगों ने एक बार पुन: पहली नवंबर से प्रतिदिन सुबह छह बजे से 10 बजे तक कीर्तन करने का निर्णय लिया। इसका परिणाम है कि बिना किसी बाधा के कीर्तन चौथे महीने में प्रवेश कर गया। कीर्तन से जुड़े लोगों का कहना है कि कीर्तन से मनोविकार दूर होते हैं और आत्मिक सुख की अनुभूति होती है। कीर्तन करने वालों में बब्बन गुप्त, गजाधर शर्मा, कैलाश वर्मा, उदय भान सिंह, विस्कुट यादव, विलाल राम, राधेश्याम शर्मा, अजय कुमार गुप्त व शिवायन प्रसाद प्रमुख रूप से शामिल हैं।