विकास कार्यों की हुई जांच, डटा रीा पक्ष व विपक्ष
जागरण संवाददाता दोकटी (बलिया) पंचायत चुनाव को करीब देख ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार पर भी
जागरण संवाददाता, दोकटी (बलिया) : पंचायत चुनाव को करीब देख ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार पर भी लगातार सवाल होने लगे हैं। चुनाव में उतरने वाले संभावित प्रत्याशी अभी के समय में वर्तमान प्रधानों के कराए गए कार्यों की जांच कराने में भी जुट गए हैं। हर दिन कोई न कोई शिकायत अधिकारियों के यहां पहुंच रही है। इसी तरह का एक उदाहरण मुरली छपरा विकासखंड के ग्राम पंचायत शिवपुर कपूर दियर में सामने आया। यहां ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों की जांच के लिए गुड्डू यादव ने कई आरोप लगाते हुए शिकायत उच्चाधिकारियों के यहां किया था।
इस पर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला उद्यान अधिकारी नेपाल राम ने जांच किया। विकास कार्यों के क्रम में आवास, शौचालय, नाली, खड़ंजा, पेंशन आदि योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। पंचायत में जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी वह कार्य नहीं देख रहे हैं जिस पर बिना कार्य कराए ही भुगतान करा लिया गया है। इसके अलावा कई स्थानों पर कार्यों में अनियमितता बरती गई है। उस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि जांच की केवल खानापूर्ति की जा रही है। खंड विकास अधिकारी की ओर से भी सभी तरह के भ्रष्टाचार का समर्थन किया जाता रहा है। जांच के समय ग्राम विकास अधिकारी, रोजगार सेवक सहित शिकायतकर्ता व सैकड़ों ग्रामीण भी मौजूद थे। --जिस बिदु की शिकायत थी, उसी की हो रही जांच : जांच अधिकारी
जांच अधिकारी नेपाल राम ने बताया कि शिकायत में जो बिदु दर्शाया गया है, उसी की जांच की जा रही है। जांच की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। यदि अनियमितता के आधार पर उच्च अधिकारी ही संबंधित पर कार्रवाई करेंगे। --सभी आरोप बेबुनियाद : प्रधान
ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत में जो भी विकास कार्यों का कराया गया, उसमें पारदर्शिता बरती गई है। किसी भी तरह का भ्रष्टाचार नहीं किया गया है। विपक्षी लोगों की ओर से लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। जांच के बाद सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।