मतदान के मद्देनजर सीमा होगी सील, पुलिस की बढ़ी सक्रियता
जागरण संवाददाता बैरिया (बलिया) बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सीम
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया): बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस गश्त तेज करने के साथ ही सीमा सील करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
बिहार में तीन नवम्बर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बिहार के सारण (छपरा) व सिवान में भी मतदान होगा। छपरा सदर विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन गांव सरयू नदी के इस पार सिताबदियारा में पड़ते हैं। लिहाजा शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश पुलिस ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मतदान से पूर्व शरारती या उपद्रवी तत्वों को बिहार में प्रवेश से रोकने के लिए सीमा पर कड़े प्रबंध किए गए हैं।
पूरे परिक्षेत्र में अमन व शांति कायम रखने के बाबत गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी बांसडीह व प्रभारी सीओ बैरिया दीपचन्द के नेतृत्व में पुलिस के जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्र पर गश्त भी किया। इस दौरान इलाकाई लोगों से सुरक्षा के बाबत आवश्यक जानकारियां हासिल की गई।
मांझी के जयप्रभा सेतु से लेकर जयप्रकाश नगर तक भ्रमण के बाद अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि तीन नवम्बर को उप्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक सीमा सील रहेगी। सीमावर्ती लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपेक्षा की गई है। गश्त के दौरान एसएचओ संजय त्रिपाठी, उपनिरिक्षक विनोद कुमार तिवारी के अलावा काफी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया।