किसानों की खुशहाली से ही देश समृद्धशाली
जागरण संवाददाता नगरा ( बलिया) ब्लाक परिसर में किसान गोष्ठी का आयोजन गुरुवार को किया गया
जागरण संवाददाता, नगरा ( बलिया) : ब्लाक परिसर में किसान गोष्ठी का आयोजन गुरुवार को किया गया। इसमें सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन बिल्थरारोड विस क्षेत्र के विधायक धनंजय कन्नौजिया ने किया। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। किसानों के लिए जो भी योजनाएं चलाईं जा रही हैं उनका मुख्य उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। जब देश का अन्नदाता खुशहाल होगा तो देश भी समृद्धशाली होगा।
कन्नौजिया ने कहा कि अटल जी के जन्मदिन 25 दिसंबर को भारत के प्रधानमंत्री ने देश नौ करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त दो हजार रुपये भेजकर ऐतिहासिक कार्य किया। इससे किसानों के खेतों की बोआई व सिचाई पर आने वाले खर्च में मदद मिली।
बीडीओ प्रवीनजीत ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, मनरेगा आदि पर विस्तृत प्रकाश डाला। कृषि वैज्ञानिक डा. वेद प्रकाश सिंह ने किसानों से प्राकृतिक व जैविक खेती को अपनाने पर बल दिया। विधायक ने 14 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र व 10 कृषकों को कृषि यंत्र प्रमाण पत्र सौंपा। जिन लाभार्थियों को सीएम आवास का स्वीकृति पत्र सौंपा गया उनमें अंवराईकला के दिनेश, महेंद्र, मनोज, मलप की बबिता, भागमनी, भीमपुरा नंबर दो की उर्मिला, चंद्रावती, सुगनी आदि रहीं।
किसान मेले में स्वयं सहायता समूह, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पशुपालन विभाग , स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्टाल लगे थे। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार, अरविद नारायण सिंह, गीताशरण सिंह, शशि चौरसिया, सुधीर मिश्र आदि मौजूद थे। संचालन एडीओ एजी रमाकांत ने किया।