अब कूड़े से होगी बिल्थरारोड नगरपंचायत की कमाई
जासं बिल्थरारोड (बलिया) नगर से निकलने वाले कूड़े अब आमदनी भी होगी। बिल्थरारोड नगरपंचायत के लिए कूड़ा डिस्पोजल की भूमि मिल गई है। जहां नगर के कूड़ा को रिसाइकिल कर जैविक खाद व अन्य सामान का विक्रय किया जाएगा।
जासं, बिल्थरारोड (बलिया) : नगर से निकलने वाले कूड़े अब आमदनी भी होगी। बिल्थरारोड नगरपंचायत के लिए कूड़ा डिस्पोजल की भूमि मिल गई है। जहां नगर के कूड़ा को रिसाइकिल कर जैविक खाद व अन्य सामान का विक्रय किया जाएगा। इससे नगरपंचायत क्षेत्र से इकट्ठा होने वाले कूड़ों का डिस्पोजल तो होगा ही, यहां जैविक खाद भी बनेगा और अन्य कूड़ा को बाहर भेज कमाई से भी जोड़ा जाएगा।
बिल्थरारोड एसडीएम राजेश कुमार यादव ने उभांव पुलिस की मदद से बिल्थरारोड नगरपंचायत के लिए कूड़ा रिसाइकल-डिस्पोजल भूमि हेतु 86 डिस्मिल की भूमि को मौका मुआयना के बाद भूअभिलेखों को देखा और सीमांकन कराया। उभांव इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह संग पुलिस बल के साथ एसडीएम ने नगरपंचाय के उक्त योजना के तहत हल्दीरामपुर में 86 डिस्मिल भूमि पर स्थानीय विवाद को दूर कर नगरपंचायत का सीमांकन करवाया। इस दौरान नपं चेयरमैन दिनेश गुप्त, सभासद पिक्की वर्मा, प्रधान सतीश गुप्त, राममनोहर गांधी, अमित जायसवाल आदि मौजूद थे।
नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के तहत नगर के कूड़ा को रिसाइकिल करने हेतु नगर से दूर हल्दीरामपुर में 86 डिस्मिल भूमि नगरपंचायत को शासन द्वारा मिला है, जहां ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में मैटेरियल रिकवरी फैसलिटी (एमआरएफ) बनाया जाएगा। नगर से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के बाद रिसाइकल किया जाएगा। इसके लिए शासन से 33.67 लाख रुपये का बजट भी आ गया है। कूड़ा के रिसाइकल करने से जैविक खाद, प्लास्टिक, थर्मोकाल व शीशा आदि को अलग-अलग बेचा जाएगा। इससे नगरपंचायत के आय में बढ़ोत्तरी होगी।