थम नहीं रहा झंडे का विवाद, पुलिस पर पत्थरबाजी
जागरण संवाददाता नगरा ( बलिया) नगरा सिकंदरपुर मार्ग पर भगमलपुर के समीप डिवाइडर पर भगव
जागरण संवाददाता, नगरा ( बलिया) : नगरा सिकंदरपुर मार्ग पर भगमलपुर के समीप डिवाइडर पर भगवा ध्वज लगाने व हटाने का चल रहा विवाद थमने का नाम ही नही ले रहा है। रविवार को सुबह पुलिस ने तो किसी तरह ध्वज लगवा कर मामला शांत तो कर दिया कितु देर शाम होते होते पुन: झंडे का विवाद गहरा गया। पुलिस द्वारा दिन में लगाए गए भगवा ध्वज को आदर्श दुर्गा पूजन समिति के किसी सदस्य ने ले जाकर जय भीम के ध्वज के समीप लगा दिया।
जब इसकी जानकारी अनुसूचित बस्ती के लोगों को हुई तो काफी संख्या में पुरुष व महिलाएं इकट्ठे हो गए। जय भीम के पास भगवा ध्वज को लगाए जाने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते तनाव बढने लगा। सूचना मिलते ही भारी तादात में पुलिस फोर्स पहुंच गई। इसी दरम्यान कुछ महिलाओं ने पुलिस पर ईंट पत्थर भी फेंके। हालाकि पुलिस पूरी तरह से तैयार होकर आई थी। इस लिए कोई चोटिल नही हुआ। इसके बाद भी पुलिस ने सूझ बूझ से काम लिया। दोनों पक्षों को भगाया। विवाद की खबर मिलते ही क्षेत्राधिकारी केपी सिंह भी पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत किए तथा भगवा ध्वज को जय भीम ध्वज से दूर हटवा कर लगवाया। प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से शांत है। बवाल करने वालों से अब पुलिस सख्ती से निपटेगी।