नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र के भंवर फंसा विभाग, एक हफ्ते से पेयजल आपूर्ति ठप
जागरण संवाददाता सुखपुरा (बलिया) जल निगम के स्थानीय केंद्र द्वारा एक सप्ताह से आपूर्ति नहीं क
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया) : जल निगम के स्थानीय केंद्र द्वारा एक सप्ताह से आपूर्ति नहीं करने के कारण लोगों को पेयजल के लिए काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को असैनिक युक्त हैंड पंप या कुएं के पानी का सहारा लेना पड़ रहा है। दूषित पेयजल का इस्तेमाल करने से लोगों में संक्रामक रोग विशेषकर पेट संबंधित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसको लेकर लोग काफी सशंकित व परेशान हैं। इस संदर्भ में निगम के जेई धर्म नाथ यादव ने बताया कि पहले नगरीय क्षेत्रों के कर्मचारियों से ही ग्रामीण क्षेत्रों के जल निगम केंद्रों का संचालन किया जाता रहा है। अब शासन ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र को अलग-अलग कर दिया है। इस कारण ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों पर कार्यरत नगरीय क्षेत्र के कर्मचारियों को बलिया नगर में बुला लिया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के लिए अलग से एक विभाग खोल दिया गया है लेकिन कर्मचारी अनुपलब्ध हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में स्थित जल निगम केंद्र के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसी समस्या से जल निगम केंद्र सुखपुरा भी जूझ रहा है। वैसे ग्राम पंचायतें जल निगम केंद्रों को लेने के लिए अभी तैयार नहीं है। एक हफ्ते से पेयजल का अभाव झेल रहे उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
विभाग से नहीं मिला है पत्र : प्रधान
ग्राम प्रधान सुखपुरा अभिमन्यु चौहान ने बताया कि अभी शासन या संबंधित विभाग से इस संदर्भ में कोई पत्र पंचायत सुखपुरा को नहीं मिला है। पत्र या निर्देश मिलने पर शासन के आदेश का पालन किया जाएगा।