बदला मौसम, आसमान में बादलों का डेरा
जागरण संवाददाता बलिया इधर दो दिनों से मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव हो रहा है। शुक्रवार
जागरण संवाददाता, बलिया: इधर दो दिनों से मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव हो रहा है। शुक्रवार को दोपहर को भगवान भास्कर का दीदार हुआ। आसमान में बादल होने से सूर्य भगवान लुकाछुपी का खेल खेलते रहे। इससे ठंड व गलन में इजाफा हो गया। इससे अस्पताल में दामा व श्वांस के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। जिले में निवार तूफान का असर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। सुबह से ही आसमान में बादलों की जमघट लग गई। इससे मौसम के रुख में लगातार परिवर्तन दिखाई दे रहा है। धुंध से ढकी सुबह के बाद भी दिन चढ़ने के साथ ठंड बढ़ती गई। आसमान में बादलों के जमघट के साथ हवा की युगलबंदी से ठंड का असर बढ़ गया। मौसम में आए दिन हो रहे परिवर्तन से कभी मौसम गर्म तो कभी ठंड हो जा रहा है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-शाम गलन का प्रकोप बढ़ने से आम जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। इसके चलते लोग सुबह देर से ही कामकाज पर गए। ठंड में बढ़ने से कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों की मुश्कलें और बढ़ जा रही हैं। लोग समझ नहीं पा रहे कि आखिर क्या करें। वहीं ठंड के कारण बच्चे व बुजुर्ग लोगों को दिक्कत हो रही है। जिला अस्पताल में सांस के मरीज ज्यादा पहुंचे। वहीं ठंड से बचाव की शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दी। प्रशासन की तरफ से अभी तक रैन बसेरा की भी व्यवस्था नहीं की गई है। पर्यावरणविद् डा. गणेश पाठक ने कहा कि तूफान फिलहाल कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। आकाश में बादलों के हटते ही ठंड में और इजाफा होगा। साथ ही कोहरा पड़ने की भी संभावना बनी रहेगी।