भाइयों को पहले शाप, बाद में उनकी लंबी उम्र की कामना
बलिया : जनपद के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को गोवर्धन पूजा व शनिवार को भैया दूज क
बलिया : जनपद के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को गोवर्धन पूजा व शनिवार को भैया दूज का व्रत विधि-विधान से किया गया। इस त्योहार में महिलाएं व लड़कियां सुबह से व्रत रहकर सर्व प्रथम रेंगनी के कांट व चना से भाइयों व घर के पुरुष सदस्यों को शाप देने की परंपरा का निर्वहन किया और बाद में उनकी लंबी उम्र की कामना की। सुविधानुसार जगह-जगह निश्चित स्थान पर गोबर से गोधन, गोधनी व अन्य आकृति बना वहां एकत्र होकर जल, फूल, अगरबत्ती आदि से गोधन बाबा की पूजा कीं। रेंगनी का कांट, चना के साथ ही मिष्ठान, खुटकी, बताशा व फरूही, चिउरा चढ़ाईं। भाइयों की लंबी उम्र की कामना के लिए विविध पारंपरिक गीत गाए। इस अवसर पर जनपद में सर्वत्र अंवरा कुटिले-भंवरा कुटिले यम के दुआर, कुटिले भइया के दुश्मन सांझ पहर दिन रात आदि गोवर्धन पूजा के गीतों की धूम रही। पूजा के बाद महिलाएं गोधन कुटीं और वहां से जल लेकर श्राप मुक्त कर भाइयों के लंबी उम्र की कामना कीं। इसके बाद पूजा स्थल से लेकर आयीं चना (बजड़ी) को मिठाई के साथ अपने भाइयों को खिलाईं। फिर दालपूड़ी व गुड़ का रसियाव खाकर व्रत तोड़ीं।
जयप्रकाशनगर : क्षेत्र में गोधन व भैयादूज का त्योहार धूमधाम से विधि पूर्वक मनाया गया। गांव की युवतियां-महिलाएं गाय के गोबर से गोधन बनाकर इसकी विधि-विधान से पूजा कीं। इस दिन महिलाएं पहले भाई को मरने का श्राप दीं, फिर गोधन पूजा के बाद अपने जीभ में रेंगनी के कांट को लगाकर अपने भाई के लंबी उम्र की कामना कीं।