दुर्गा पूजा पंडाल पर रोक लगाना, आस्था पर हमला : रामगोविद
जागरण संवाददाता बलिया नेता प्रतिपक्ष रामगोविद चौधरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार पंडालों म
जागरण संवाददाता, बलिया : नेता प्रतिपक्ष रामगोविद चौधरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार पंडालों में आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा पर रोक का आदेश वापस ले। यह आदेश कानून सम्मत नहीं है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो करोड़ों लोगों की आस्था पर चोट पहुंचेगी। इसे लेकर अनिष्ट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
मंगलवार को जारी प्रेस नोट में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों स्थानों पर आदि शक्ति मां दुर्गा के भक्त पंडाल लगाकर और मंदिरों को सजाकर विधिवत पूजा करते हैं। इन पंडालों और मंदिरों में करोड़ों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। सरकार का पंडालों में पूजा पर रोक का आदेश इन भक्तों की आस्था पर हमला है। उन्होंने ताकत के बल पर इस आस्था पर हमला हुआ तो भक्तों के हृदय से आह निकलेगी जिसके बारे में मान्यता है कि आह से लोहा भी भस्म हो जाता है। कहा कि जिस तरह सरकार ने भगवान राम की रामलीला के लिए सामाजिक दूरी और सौ की संख्या की शर्त के साथ भक्तों को इक्कठा होकर दर्शन और पूजा की छूट दी है, उसी प्रकार से सरकार आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा के मामले में भी समाजिक दूरी और सौ की संख्या की शर्त के साथ सार्वजनिक स्थानों पर पंडाल लगाकर और पहले से स्थापित मंदिरों में साज सज्जा करके पूजा और दर्शन करने की छूट दे।
भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा जितनी उदारता दिखाती है, उसी तरह की उदारता आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा के लिए सड़कों पर पंडाल लगाने, उसमें मूर्ति स्थापना कर पूजा दर्शन के मामले में भी दिखाए।