कर्मचारियों को फसल अवशेष प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण
कृषि भवन के सभागार में हुआ आयोजन कृषि वैज्ञानिकों ने दिए टिप्स
संसू, श्रावस्ती : खरीफ फसल की खेती के बाद अवशेष को जलाने से रोकने के लिए उसके उपयोगी विकल्प लागू करने की योजना तैयार की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को कृषि भवन सभागार में विभाग के फील्ड कर्मचारियों के लिए फसल अवशेष प्रबंधन का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। कृषि वैज्ञानिकों ने कर्मचारियों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक आरपी राना ने की।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार व डॉ. उमेश कुमार ने खरीफ सीजन में धान की कटाई के बाद खेत में बचे फसल के अवशेष का किसान कैसे प्रबंधन करें। इसके क्या लाभ हैं व खेत में फसल अवशेष को जलाने से होने वाले नुकसान पर चर्चा की। उपकृषि निदेशक व उप सहायक कृषि प्रसार अधिकारी मुनव्वर अली ने फसल अवशेष प्रबंधन के साथ कस्टम हायरिग सेंटर व फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के विषय पर भी चर्चा की। एनजीटी की ओर से फसल अवशेष जलाने पर दंड के संबंध में किए गए प्राविधानों के बारे में बताया गया। फील्ड कर्मचारियों से यह जानकारी किसानों से साझा करने की अपील की गई।