प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में यूपी चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
बाढ़ का निकालेंगे स्थायी समाधान हर वर्ग का रखेंगे ख्याल आशा वर्कर ग्राम रोजगार सेवक नर्सेज शिक्षामित्र समेत कई संगठनों से किया संवाद उम्मीदों का पिटारा लेकर रवाना हुए कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के सदस्य
बहराइच : यूपी विधानसभा चुनाव 2022, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस लड़ेगी। पार्टी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से सरकार बनाएगी। इसके लिए अभी से कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं। जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के सदस्य पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए रविवार को कहा कि राष्ट्रीय महासचिव पार्टी में निर्विवाद हैं। पार्टी के गठबंधन के सवाल पर पूर्व सांसद ने कहा कि अभी हम अकेले ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पार्टी की कोर कमेटी इस पर निर्णय लेगी।
मैनिफेस्टो कमेटी के सदस्य पूर्व सांसद पीएल पुनिया, सुप्रिया श्रीनेत्र, विवेक बंसल, ज्ञानेश शुक्ल सुबह ग्राम रोजगार सेवक, आशा वर्कर, एएनएम, ट्रांसपोर्टर, ऑटो चालक, फुटकर व थोक विक्रेता संगठन के लोगों से मिले। उनकी समस्याएं सुनीं। पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों की पक्षधर रही है। कहा कि बाढ़ का स्थायी समाधान करेंगे और हर वर्ग की ओर से उठाई गई समस्याओं को भी निपटाएंगे।
------------------
बाढ़ को मुद्दा बना सियासत साधने में जुटी कांग्रेस
चित्र - 06
बौंडी : आगामी 2022 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेसियों ने कमर कस ली है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी बाढ़ व कटान को मुद्दा बना सियासत साधने में जुट गई है। रविवार को कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी, महसी विधानसभा के बाढ़ व कटान प्रभावित तिकुरी गांव पहुंची। पूर्व सांसद पीएल पुलिया ने कहा कि इस बार चुनावी घोषणा पत्र जनता का होगा। टिकुरी के अंबरीश शुक्ल, टेकराम पांडेय, रामधीरज शर्मा ने कहा कि महसी विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा घाघरा की बाढ़ व कटान से हर साल त्रासदी झेलता है। जब आपदा आ जाती है तब राहत व बचाव कार्य शुरू किए जाते हैं। सैकड़ों कटान पीड़ित आज भी पुनर्वास की बाट जोह रहे हैं। कई गांव कटान के मुहाने पर हैं। बावजूद इसके वहां स्पर-स्टड नहीं बने हैं। पूर्व सांसद ने ग्रामीणों की मांगों को अपने मैनिफेस्टो में शामिल करने का वादा किया। कैंप में पहुंची मुरौव्वा की कुसुम ने कहा कि उसके पति रामू भास्कर की एक पखवारा पूर्व घाघरा नदी में डूबकर मौत हो गई थी। इस पर पूर्व सांसद ने उन्हें पार्टी की ओर से सहायता दी। 90 वर्षीय बुजुर्ग लेंगड़ा देवी ने पूर्व सांसद से रोते हुए बताया कि उनका घर-जमीन नदी की धारा में समा गया। शासन से कोई इमदाद नहीं मिली। पूर्व सांसद ने मामले को सदन तक पहुंचाने का वादा किया। अमिताभ दुबे, नीलाभ दुबे, प्रदेश सचिव ज्ञानेश शुक्ल, जिलाध्यक्ष जेपी मिश्रा, शहर अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल, मुनऊ मिश्र, महिला जिलाध्यक्ष मन्नू देवी, विजय शर्मा, मुकुंद शर्मा, कमला सोनी, दुर्गेश तिवारी, शिवा मिश्रा, चंद्रमणि मिश्र मौजूद रहे। ------------------ कांग्रेस मैनिफेस्टों सदस्यों से मिले शिक्षामित्र
बहराइच : उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रांतीय प्रवक्ता शिव श्याम मिश्र व दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का प्रतिनिधि मंडल कांग्रेस मैनिफेस्टो के सदस्य पीएल पुनिया से मिला। समस्याएं बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्रों की मांग पत्र को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह, अनवारुल रहमान खान, राजेंद्र गुप्त, विनोद तिवारी, प्रदीप श्रीवास्तव, सतीश यादव, वसीम खान मौजूद रहे।