15 सितंबर से गोंडा से बहराइच चलेगी ट्रेन
बहराइच : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल रेल परामर्शदात्री के सदस्य व भाजपा नेता हरिश्चंद्र गुप्ता ने
बहराइच : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल रेल परामर्शदात्री के सदस्य व भाजपा नेता हरिश्चंद्र गुप्ता ने कहा है कि गोंडा से बहराइच आमान परिवर्तन का कार्य पूरा हो चुका है। 15 सितंबर से ट्रेन चलाई जाएगी।
मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की मंडल लखनऊ की बैठक से लौटने के बाद उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधन विजयलक्ष्मी कौशिक की अध्यक्षता में मंडल लखनऊ के सभागार में परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई थी। इसमें यह बात प्रमुखता से रखी गई थी। उन्होंने बताया कि रेल विभाग यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कृतसंकल्प है। गोंडा से बहराइच ब्राडगेज बनने के बाद भी रेल का संचालन न होने से जनता को कठिनाई हो रही है। इस पर मंडल रेल प्रबंधक विजयलक्ष्मी ने बताया है कि 15 सितंबर से बहराइच-गोंडा रेलमार्ग का संचालन शुरू हो जाएगा और ट्रेन पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। उन्होंने बताया कि नानपारा से सीतापुर मार्ग पर रेल संचालन के लिए सर्वे का कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। श्रावस्ती जिले में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। शीघ्र ही रेलमार्ग विस्तार का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बहराइच-चिलवरिया के बीच महाराजा सुहेलदेव हाल्ट की स्थापना की जाएगी। चिलवरिया में मालगोदाम की स्थापना भी होगी। बहराइच रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जाएगा। सफाई की व्यवस्था मशीनों से की जाएगी। उन्होंने रेलवे स्टेशन स्वच्छता के लिए जनजागरण अभियान चलाए जाने की भी बात कही।