हर घर में इज्जतघर, हर हाथ को मिला हुनर
- पंचायत के चौमुखी विकास के साथ बेटियों को दे रहीं रोजगारपरक प्रशिक्षण - सुनियोजित विका
बहराइच : हुजूरपुर ब्लॉक क्षेत्र के बौंवा गांव की ग्राम प्रधान कमला देवी रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित की गई हैं। संस्कृत विषय से स्नातक ग्राम प्रधान गांव के चौमुखी विकास के मसौदे को मूर्तरूप दे ही रही हैं। हर घर में शौचालय के सपने को भी साकार कर रही हैं। हर हाथ को हुनर देने व बेटियों को स्वावलंबन का पाठ भी खुद पढ़ाती हैं। किशोरियों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर उनके सपने को पंख लगाने में जुटी हुई हैं।
प्रदेश स्तर पर भी पंचायत की सुनियोजित विकास कार्य के लिए उनकी पहचान बनी हुई है। शुरुआती दिनों में गांव से बाहर रहकर शिक्षा ग्रहण किया। वर्ष 1988 में शादी के बंधन में बंध कर ससुराल की दहलीज पर पहुंची तो लोगों का लगाव देखकर मन में दबी भावनाओं को ताकत मिली। गांव की हर छोटी-बड़ी समस्या को दूर करने को घर की दहलीज लांघकर समय के साथ बदलने की कला ने उन्हें प्रधान का ताज सौंप दिया। हर घर में शौचालय का निर्माण कराकर गांव को ओडीएफ किया। बेटियों को हुनरमंद बनाने के लिए कमला हर दिन सुबह - शाम बेटियों को सिलाई, कढ़ाई, बुनाई समेत विभिन्न प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण दे रही हैं। निर्धन बेटियों की करा रहीं शादी बहराइच : पंचायत के विकास के साथ सामाजिक सरोकारों के लिए भी प्रधान कमला देवी चर्चा में रहती हैं। निर्धन बेटियों की शादी में खुद तो खर्च करती हैं, गांव के लोगों को भी एकजुट कर मदद के लिए प्रेरित करती हैं। अब तक दो दर्जन निर्धन बेटियों की शादी कमला देवी करा चुकी हैं। अनाथ बच्चों का संवार रहीं बचपन बहराइच : प्रदेश स्तर पर अपने अनूठे कार्यों के लिए स्वच्छ शक्ति का ताज हासिल करने वाली कमला देवी बच्चों की शिक्षा के लिए भी सजग हैं। कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करती हैं। अनाथ बच्चों के बचपन को संवारने के लिए कमला देवी खुद ही खर्च उठाती हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।