सड़क हादसों में गोंडा व श्रावस्ती के छह लोग घायल
संसू बहराइच बुधवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। इनमें गोंडा व श्रावस्ती जिले के लोग भी शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटनाओं की जांच-पड़ताल कर रही है।
संसू, बहराइच : जिले में अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में गोंडा व श्रावस्ती के छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटनाओं की जांच-पड़ताल कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के नाजिरपुरा निवासी इमरान (25) बाइक से घर जा रहे थे। अचानक बाइक फिसल गई और वह घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पयागपुर थाना क्षेत्र के बहराइच-गोंडा हाईवे स्थित शिवदहा मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें गोंडा जिले के मनकापुर निवासी सोमपाल (30) व राजकरन (28) घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उपचार के लिए उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के मरौचा निवासी छोटकऊ (29) व सिराज (25) मजदूरी के लिए टिकोरामोड़ जा रहे थे। बसंतापुर के पास अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। दरगाह थाना क्षेत्र के डीहा तिराहे के पास कुत्ते को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गया। इसमें सोनवां थाना क्षेत्र के सोनवा चौराहा निवासी रामकुमार (32)घायल हो गए।