बिना वीजा भारत में दो महिलाओं के साथ घुसे छह चीनी नागरिक गिरफ्तार, नेपाल पुलिस को सौंपा गया
नेपाल से भारत की सीमा में घुसने वाले छह चीनी नागरिकों को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कल बहराइच में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद इनके नेपाली गाइड के साथ नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
बहराइच (जेएनएन)। बिना वीजा के दो महिलाओं के साथ नेपाल से भारत की सीमा में घुसने वाले छह चीनी नागरिकों को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कल बहराइच में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद इनके नेपाली गाइड के साथ नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
बहराइच में बुधवार देर शाम दो महिलाओं सहित छह चीनी नागरिक बिना वीजा के भारतीय सीमा में घुस आए। पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि विदेशी नागरिक जिसमें दो महिलाएं भी शामिल है, अपने नेपाली गाइड उधव पुत्र केशवराज कडेल, निवासी बेनीघाट, थाना बेनीघाट, जिला धडिंग, नेपाल के साथ भारत-नेपाल सीमा पार करते हुए आ रहे थे, तभी सशस्त्र सीमा बल की सर्च पार्टी ने उनको सशस्त्र सीमा बल के ही बार्डर पोस्ट के पहले रोका। इसके बाद जब जानकारी की गई तो पता चला कि वह सभी चीनी नागरिक है। इनके पास नेपाल का तो वीजा था, लेकिन भारत का वीजा नहीं था। इस कारण इन सभी को स्थानीय थाना रूपईडीहा पर लाया गया और लिखित सूचना भी दी गयी। सभी लोग हिन्दी व अंग्रेजी भाषा नहीं जानते है, जिस कारण से स्थानीय स्तर पर द्विभाषीय का प्रबन्ध किया गया और उसके माध्यम से पूछताछ करने पर जानकारी हुई कि सभी लोग नेपाल के भ्रमण पर आये हैं तथा एक नवम्बर से नेपालगंज के होटल गैलेक्सी दरबार में रूके हुए थे।
एसपी ने बताया कि सात नवम्बर को शाम के समय इनकी नेपालगंज से काठमांडू की वापसी की फ्लाइट थी परन्तु सभी लोग मंदिर के दर्शन के बाद सीमा तक घूमने चले आये और भारत की सीमा में प्रवेश कर गये। जिस पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने इनको रोका। सभी चीनी नागरिकों को फारेस्ट गेस्ट हाऊस में ठहराया गया। इनकी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गयी। खुफिया एजेंसी स्थानीय अभिसूचना इकाई, विशेष अभिसूचना अधिकारी विशेष शाखा अभिसूचना विभाग ने इनसे पूछताछ की गयी व इनके दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गयी। पूछताछ एवं जांच पड़ताल से इनकी गतिविधियां संदिग्ध नहीं पायी गयी। इसके बाद गुरुवार को इन सभी चीनी नागरिकों व इनके नेपाली गाईड को नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
घूमने के मकसद से आए थे, भाषा की जानकारी न होने से बढ़ी परेशानी
सुकुमार देव वर्मन,सहायक कमांडेंट, एसएसबी 42वीं वाहिनी ने बताया कि भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले चीनी नागरिकों ने बताया कि वह सभी घूमने के उद्देश्य से नेपाल आए थे। टहलते हुए भारत नेपाल सीमा पर पहुंच गए और अनजाने में सीमा पार कर गए। दो चीनी नागरिकों ने अपने को एक निजी चीनी कंपनी का तकनीकी अधिकारी भी बताया हैं।
चीनी नागरिकों के पास से भारतीय सीमा की तस्वीरें बरामद
भारत-नेपाल सीमा पर सात चीनी नागरिकों को एसएसबी के हिरासत में लेने के बाद सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों का जमावड़ा हो गया। बिना वीजा के भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले इन चाइनीज नागरिकों सातों चीनी नागरिकों से पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने कई घंटों तक पूछताछ की। इस बात का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन सभी की गलती थी या घुसपैठ की कोशिश। बिना वीजा के गैर कानूनी तरीके से नेपाल की सरहद को पार कर भारतीय सीमा में घुसे दो महिलाओं समेत सात चीनी नागरिकों को संदिग्ध मानकर एसएसबी की टीम ने पकड़ कर रुपईडीहा पुलिस के सुपूर्द किया था। सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़े गए चीनी नागरिकों के पास से कैमरा व मोबाईल फोन बरामद किया है। इसमें बार्डर के आस पास की तस्वीरें कैद है। मोबाईल कैमरों से खींची गई प्रतिबन्धित इलाकों भारतीय चेकपोस्टों की तस्वीरें भी मोबाईल गैलरी में सुरक्षित पाई गई हैं। इसकी गहनता से जांच की जा रही है। सीओ नानपारा विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रांसलेटर के जरिये पूछताछ में पता चला कि काठमांडू के रास्ते नेपाल के आस पड़ोस इलाकों में दोस्तों संग घूमने आए थे। अज्ञानतावश बिना वीजा के भारत की सीमा में प्रवेश कर गए थे। इनमें एक महिला पेशे से स्किन की डॉक्टर है। दूसरी महिला लिफ्ट इंजीनियर है। पुरुषों में एक कांट्रैक्टर, एक ड्राइवर, एक चीनी खेल का कोच तथा एक पैराशूट फैक्ट्री कर्मी है। यह लोग राफ्टिंग में हिस्सा लेने आये थे और भूलवश भारत की सीमा में घूमते घूमते पहुंच गए। सभी चीनी नागरिक चीन के हुआंन शहर के रहने वाले हैं।
दस वर्ष पूर्व भी पकड़े जा चुके है चार चीनी नागरिक
बुधवार देर शाम भारत नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा इलाके में नेपाल से सात चीनी नागरिक भारत की सीमा में प्रवेश कर रहे थे। भारत व नेपाल में दीपावली के मद्देनजर सीमा पर आवाजाही ज्यादा थी। सरहद की निगहबानी में तैनात सशस्त्र सीमा बल के जवान भी कड़ी सतर्कता बरत रहे थे। इसी दौरान दो महिलाओं सहित सात चीन नागरिकों को एसएसबी अफसरों ने कैमरों के साथ आते देखा। यह लोग भारतीय सीमा में तस्वीरों को कैमरे में कैद कर रहे थे। एसएसबी जवानों ने सभी को सुरक्षा घेरे में लेकर पूछताछ की गयी। तो पता चला कि इनके पास भारत में प्रवेश के लिए पासपोर्ट बीजा नही है। पूछताछ में चीनी भाषा आडे आ रही है। पकड़े गये चीनी नागरिकों को रूपईडीहा स्थित एसएसबी की चेकपोस्ट पर रखा गया। रुपईडीहा से आतंकी व पाक जासूस की कई बार गिरफ्तारी भी हो चुकी है। आत्मसमर्पण करने वाले आतंकी भी कई बार इसी खुली सरहद का फायदा लेते रहे है। दस वर्ष पहले इसी सरहद पर एक महिला सहित चार चीनी घुसपैठियों की गिरफ्तारी की गयी थी। चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी सकते में आ गए थे।