मरम्मत के अभाव में टूट कर बदहाल हो गईं भिनगा नगर की सड़कें
रास्ते पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन होते हैं हादसे उदासीन हैं जिम्मेदार
संसू, भिनगा(श्रावस्ती) : भिनगा नगर की सड़कें मरम्मत के अभाव में टूट कर बदहाल हो चुकी हैं। रास्ते पर जगह-जगह बने गड्ढों में बरसात का पानी भर जाता है। आए दिन इसमें गिर कर लोग चोटिल हो रहे हैं। व्यवस्था को कोसते हुए राहगीर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं।
जिला मुख्यालय होने से भिनगा नगर की सड़कों पर आम लोगों के साथ अधिकारियों व कर्मचारियों का भी बराबर आना-जाना बना रहता है। गड्ढों से भरे रास्ते पर चारपहिया वाहन में सवार होकर अधिकारी आगे बढ़ जाते हैं। इन रास्तों पर सफर के लिए आम नागरिकों को कितनी दुश्वारियां उठानी पड़ती हैं, इसकी परवाह भी नहीं करते हैं। हल्की बारिश में ही गड्ढों में जलभराव हो जाता है। कई स्थानों पर तो सड़क तालाब के शक्ल में नजर आने लगती है। नगर के नई पानी टंकी के पास भिनगा से लक्ष्मनपुर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं। धीरे-धीरे यह सड़क जानलेवा बनती जा रही है। गड्ढों में गिरने से लोगों के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं हो रही है। झलका नगरवासियों का दर्द
चित्र परिचय- 10एसआरटी05,06,07,08 में फोटो है।
व्यापारी एहसानुल हक कहते हैं कि सड़कों की बदहाली के चलते नगर में निकल पाना मुश्किल हो जाता है। हल्की बारिश के बाद बाइक से सड़कों पर निकलो तो छीप कर कपड़े खराब होना अथवा गिरकर चोटिल होना तय है। पूर्व सभासद मोहसिन रजा खां कहते हैं कि जिले के अधिकारियों का इन्हीं सड़कों पर आना-जाना रहता है, लेकिन कोई सड़क के गड्ढों की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। नगरवासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पुनीत मिश्रा कहते हैं कि सड़क पर वाहन चलाने के लिए टैक्स अदा करने के बाद भी सड़क की बदहाल स्थिति देख कष्ट होता है। कोई सुनने वाला नहीं है। दीपू अवस्थी कहते हैं कि सुगम रास्तों के बिना किसी भी स्थान का विकास नहीं हो सकता है। भिनगा नगर की जर्जर सड़कों पर स्थानीय लोग भी निकलने की हिम्मत नहीं कर पाते हैं। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है। इनसेट
बरसात के बाद शुरू होगा काम
नगर पालिका परिषद भिनगा के अधिशाषी अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि नगर के कई मुहल्लों में जर्जर सड़कों के बारे में जानकारी है। बरसात बीतने के बाद इन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। नई सड़कों के निर्माण के लिए भी टेंडर हो चुका है। शीघ्र काम शुरू होगा।