जिले के 52 क्रय केंद्रों पर होगी धान की खरीद
बहराइच : जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान उपज की बिक्री के लिए 52 क्रय केंद्र संचालित किए
बहराइच : जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान उपज की बिक्री के लिए 52 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे। पोर्टल पर पंजीकृत किसानों के ही उपज की खरीद की जाएगी। गैर पंजीकृत किसान इस बार भी क्रय केंद्रों पर उपज नहीं बेच सकेंगे। पारदर्शी खरीद व्यवस्था व बिचौलियों पर शिकंजा कसने के लिए सरकार ने पंजीयन अनिवार्य किया है। जिसको लेकर किसानों को जल्द से जल्द से पंजीयन कर रसीद प्राप्त करने की अपील की जा रही है।
प्रदेश सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 1750 रुपये घोषित किये हैं। इस मूल्य पर उन्हीं किसानों की उपज खरीद की जाएगी, जिन्होंने पोर्टल पर पंजीयन कराया है। क्योंकि राजस्व अभिलेख के साथ किसानों को सीधे जोड़ा जाएगा। जिससे बिचौलियों पर नकेल कस किसानों को सीधा फायदा मिल सके। डिप्टी आरएम विपिन कुमार राय का कहना है कि 25 जुलाई से ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो गया है। किसान खतौनी, रकबा व खाता संख्या लेकर किसी भी सुविधा केंद्र से पंजीयन करा सकते हैं। पंजीकृत किसानों को एसएमएस के जरिए सूचना पहुंच जाएगी। इसके बाद किसी भी क्रय केंद्र पर किसान अपनी उपज आसानी से बेच सकेंगे। उन्होंने बताया कि 52 केंद्र संचालित किये जाएंगे। केंद्रों पर तौल कांटा, बोरे व अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता कराई जा रही है, जिससे खरीद को गति मिल सके।