भाजपा ने पुराने योद्धाओं पर जताया भरोसा
बहराइच भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपने पुराने योद्धाओं की कूबत पर भरोसा जताया है।
बहराइच: भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपने पुराने योद्धाओं की कूबत पर भरोसा जताया है। उम्मीदवारों की सूची जारी होने के साथ अटकलों पर विराम लग गया है। जिन विधायकों के टिकट को लेकर संशय जताया जा रहा था, वह भी खत्म हो गया है। प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा अपनी परंपरागत सीट कैसरगंज से अपने बेटे गौरव वर्मा को टिकट दिलाने में कामयाब रहे।
भाजपा के टिकट पर अवध क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष सुभाष त्रिपाठी एक बार फिर अपनी परंपरागत सीट पयागपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। 2008 में सृजित इस सीट से भाजपा ने आधा दर्जन दावेदारों को दरकिनार कर लगातार तीसरी बार सुभाष त्रिपाठी को मौका दिया है। इसके साथ ही भाजपा ने महसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेश्वर सिंह पर ही एक बार फिर दांव लगाया है। दो बार विधायक रह चुके सुरेश्वर सिंह लगातार चौथी बार इसी सीट से मैदान में उतरेंगे।
तमाम विरोध को दरकिनार कर सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच चुनाव में मिली हार का क्रम तोड़ने वाली पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल पर ही पार्टी ने भरोसा जताया है। वह लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में उतरेंगी। बलहा से 2019 के उपचुनाव में विधायक चुने गए सरोज सोनकर पुन: मैदान में उतरेंगी। इसी तरह मटेरा से पिछला चुनाव तत्कालीन मंत्री यासर शाह के मुकाबले हारने वाले कुंवर अरुण वीर सिंह फिर वहीं से किला लड़ाएंगे।
एक तिहाई महिला उम्मीदवारों पर भरोसा:
-भाजपा ने पिछले चुनाव की तरह एक बार फिर चुनाव मैदान में दो महिला उम्मीदवारों को उतारने का फैसला किया है। पिछली बार सदर व नानपारा से महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में थीं, जबकि इस बार सदर के अलावा बलहा से उम्मीदवार हैं।