जमीनी विवाद में वृद्ध की नृशंस हत्या, हमले में दो घायल
-एएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया
संसू, महसी (बहराइच) : जमीनी विवाद को लेकर भाला मारकर वृद्ध की हत्या कर दी गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस तैनात है। जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया।
हरदी थाना क्षेत्र रमपुरवा में ग्राम पंचायत की जमीन पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस जमीन को एक परिवार के लोग अपना बताकर निर्माण का विरोध कर रहे हैं। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। जमकर ईंट-पत्थर चले। मारपीट में आरोपितों ने वृद्ध ननकऊ शुक्ल को भाला मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवारजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाने लगे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। संघर्ष में 50 वर्षीय नरायन शुक्ल व 25 वर्षीय दिनेश घायल हो गए। घटना की सूचना पाते ही खैरीघाट, रामगांव, बौंडी पुलिस बल मौके पर पहुंची। एसओ हरदी आरपी यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हत्याभियुक्तों को तलाश की
जाएगी।