आखिरकार पिजड़े में कैद हुआ आदमखोर तेंदुआ
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग स्थित मुर्तिहा रेंज के सेमरी
बहराइच : कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग स्थित मुर्तिहा रेंज के सेमरी मलमला गोलहना गांव में मासूम को निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए को वन विभाग की टीम ने शनिवार को पिजड़े में कैद कर लिया। इससे वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट यशवंत सिंह ने बताया कि मुर्तिहा कोतवाली के गोलहना में गुरुवार शाम घर के बाहर दादी की गोद में खेल रही मासूम प्रिया को तेंदुआ उठा ले गया था। तकरीबन 15 घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद बालिका का क्षत-विक्षत शव जंगल से बरामद किया गया था। बालिका को निवाला बनाने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए शुक्रवार को पिजड़ा लगाकर निगरानी की जा रही थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिजड़े में बकरी बांधी गई थी।
शनिवार को तेंदुआ पिजड़े में कैद हो गया। वन विभाग ने तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर रेंज कार्यलय मुर्तिहा पहुंचा दिया है। आदमखोर तेंदुए के पिजड़े में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। प्रभारी डीएफओ ने बताया कि पिजड़े में कैद तेंदुआ मादा है, जिसकी उम्र चार से पांच वर्ष के आसपास है। पकड़े गए मादा तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। स्वस्थ पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे कोर जोन के जंगल में छोड़ा जाएगा। पुलिस ने किया पैदल मार्च फखरपुर : क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर एसओ श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों के साथ शनिवार को पैदल गश्त किया। फखरपुर बाजार होते हुए भिलोरामोड, कस्बा, फखरपुर चौराहा का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह भदौरिया, मनोज कुमार शामिल रहे। (संसू)