लेखपाल की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका
पयागपुर(बहराइच) : पयागपुर थाना क्षेत्र के पयागपुर-इकौना मार्ग पर रंजीतनगर पुलिया के पास शनि
पयागपुर(बहराइच) : पयागपुर थाना क्षेत्र के पयागपुर-इकौना मार्ग पर रंजीतनगर पुलिया के पास शनिवार रात लेखपाल की हत्या कर शव सड़क किनारे फेक दिया गया। मृतक लेखपाल के पुत्र की नामजद तहरीर पर एक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के सेमरियांवा निवासी अशोक कुमार मिश्र श्रावस्ती जिले के गिलौला ब्लॉक में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। शनिवार रात वह बाइक से घर वापस आने की बात कहकर गिलौला से निकले थे। लेखपाल के पुत्र नीलेश कुमार ने बताया कि देर रात फोन पर सूचना मिली कि पिता लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पुलिया के पास पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंचकर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों ने लेखपाल से लूटपाट का भी आरोप लगाया है। लेखपाल के पुत्र की तहरीर पर गिलौला थाना क्षेत्र के घोरमा परसिया निवासी मनोज कुमार पुत्र रमेश कुमार शुक्ला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।