सजी कवियों की महफिल, उमड़े सुधि श्रोता
बहराइच : लखनऊ राजमार्ग स्थित सांवरिया रिसार्ट के वातानुकूलित सभागार में दैनिक जागरण ने बुधवार की शाम राष्ट्रीय ख्याति के कवियों की महफिल सजाई। इस मौके पर सियासी दिग्गजों समेत प्रबुद्ध वर्ग व सुधि श्रोताओं ने हास्य व्यंग्य से लेकर गीतों व गजलों का आनंद लिया।
कवि सम्मेलन का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर विधान परिषद सदस्य डा. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सुरेश्वर सिंह, विधायक सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल, डिवाइन ग्रेस की प्रबंधक छवि रायतानी ने किया। नामचीन कवियों को एक साथ मंच पर देखने के लिए लोगों में उत्साह देखा गया। तय समय शाम सात बजे के पहले से ही लोग कवियों की रचनाओं को सुनने के लिए जुटने लगे। आम से लेकर खास तक के लोगों का जमावड़ा कार्यक्रम में चार चांद लगा रहा था। कवि वसीम बरेलवी, डा. सुरेश अवस्थी, विकास बौखल, दमदार बनारसी, गजेन्द्र सोलंकी, गौरी मिश्रा, फारुख सरल, सर्वेश कुमार अग्निहोत्री मंच पर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत सभी कवियों का बारी-बारी स्वागत किया गया। एमएलसी डा. प्रज्ञा त्रिपाठी ने विष्णु सक्सेना, छवि रायतानी ने वसीम बरेलवी, रिसार्ट के डायरेक्टर आयुष जैन ने सुरेश अवस्थी, प्रदीप चावला ने दमदार बनारसी, विजयकांत त्रिपाठी ने गौरी मिश्र, आशीष केडिया ने विकास बौखल और युवा सपा नेता अब्दुल जीशान ने प्रख्यात मिश्र को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मंच पर काव्य पाठ के लिए युवा कवि योगेंद्र मिश्र योगी ने कवियों को आमंत्रित किया। संचालन कवि सुरेश अवस्थी ने किया। दैनिक जागरण लखनऊ के मार्केटिंग अपकंट्री मैनेजर रवि श्रीवास्तव के साथ दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी मुकेश कुमार पांडेय ने कवियों को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कवियित्री गौरी मिश्र ने शब्द को संवारती, अर्थ को निखारती, पापियों को प्यार दे आदि मां सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। हास्य कवि विकास बौखल ने अपनी रचनाओं से लोगों को ठहाका लगाकर तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में पुलिस-प्रशासन के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।