कोरोना से बचाव को लेकर घर-घर यज्ञ
पांच दीपक व अगरबत्ती जलाकर परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर देव शक्तियों को नमन किया।
बहराइच : कोरोना महामारी से बचाव के लिए गायत्री परिवार ने गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ अभियान छेड़ा है। इसके तहत माता भगवतीकुंज आश्रम परसेंडी में बुधवार को यज्ञ का आयोजन किया गया। पांच दीपक व अगरबत्ती जलाकर परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर देव शक्तियों को नमन किया। 24 बार गायत्री मंत्र का उच्चारण कर यज्ञ में आहुतियां डाली।
आश्रम के व्यवस्थापक लाडली प्रसाद वर्मा ने बताया कि गायत्री परिवार घर-घर यज्ञ का आयोजन करा रहा है। उन्होंने बताया कि परिवार से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में यज्ञ किया। यज्ञ का उद्देश्य विश्व को कोरोना महामारी से मुक्ति दिलाना है। इस मौके पर खुशहाल चौधरी, कृपा राम चौधरी, शोभाराम, अरविद कुमार मौजूद रहे। सेव द चिल्ड्रेन ने प्रशासन को सौंपा 35 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
बहराइच : सेव द चिल्ड्रेन संस्था ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए कदम बढ़ाया है। कोरोना मरीजों के बेहतर इलाज के लिए संस्था ने जिला प्रशासन को 35 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 200 पल्स ऑक्सीमीटर, 11 बायपॉप मशीन और 29 हैंडवाशिग यूनिट उपलब्ध कराया। इस कदम की प्रशासन ने सराहना की है।
जिलाधिकारी शंभु कुमार ने कहा कि कोरोना महामारी की विपरीत परिस्थितियों में संस्था द्वारा किया गया सहयोग सराहनीय है। कोरोना की इस लड़ाई में हम जीत हासिल करेंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था का यह कार्य सराहनीय है। संस्था ने पहले भी अपना सहयोग स्वास्थ्य विभाग को दिया है।
उन्होंने बताया कि इन उपकरणों को कोविड केयर हॉस्पिटल में पहुंचाया जाएगा। इससे कोरोना मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इस मौके पर संस्था के अभिषेक मिश्र, अनिल तिवारी, आशुतोष, बृजेश सिंह मौजूद रहे।
32 मिले पॉजिटिव, 20 स्वस्थ होकर पहुंचे घर
बहराइच : वैश्विक महामारी कोरोना से हर कोई परेशान है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 3887 लोगों में लक्षण दिखने पर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। कोरोना से पीड़ित 20 मरीजों के स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कुल भेजे गए 500131 सैंपलों में 499502 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। आज तक कुल पाजिटिव रिपोर्ट की संख्या 11215 है, जबकि 488287 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 629 की रिपोर्ट पेंडिग है। कोरोना से अब तक 169 लोगों की मौत हो चुकी है।