गणेश चतुर्थी आज, तिल-गंजी से सजे बाजार
जासं, बहराइच : माघ कृष्ण चतुर्थी को मनाया जाने वाला संकष्टी गणेश चतुर्थी पर्व गुरूवार को है।
जासं, बहराइच : माघ कृष्ण चतुर्थी को मनाया जाने वाला संकष्टी गणेश चतुर्थी पर्व गुरूवार को है। शाम को चंद्रोदय के बाद महिलाएं विधि विधान के साथ विघ्नहर्ता गणेश का पूजन कर संतानों के दीर्घायु व सुख समृद्धि का वरदान मांगेंगी। पर्व के लिए बाजार में लइया, तिल, गुड़, गंजी की दुकानों पर दिन भर खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही।
माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को सकट चौथ के नाम से भी जाना जाता है। महिलाएं इस दिन सुख समृद्धि, संतान की मंगलकामना के साथ पूरे दिन निर्जल व्रत रखेंगी। शाम को चंद्रोदय के बाद पूजन होगा। इस व्रत के पूजन में तिल व इससे बने पकवानों से भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व है। शहर के पानी टंकी, चौक बाजार, छावनी व गजाधरपुर के बाजारों में लोग दिन भर पर्व से जुड़ी सामग्रियों की खरीद करते रहे। ठेलों पर भी लइया, तिल, रामदाना आदि के लड्डुओं की लोगों ने खरीदारी की। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों में भी पर्व से जुड़ी सामग्रियों की बिक्री जोरों पर रही। कैसरगंज, नानपारा, महसी, पयागपुर, विशेश्वरगंज, रुपईडीहा, जरवलरोड, फखरपुर समेत अन्य जगहों पर भी बाजार गुलजार रहे।