मिली नोटिस तो पूर्व सांसद ने ढहाया चहारदीवारी
सिचाई कालोनी आवास में अवैध कब्जा हटाने को लेकर नोटिस जारी हुआ था। इनमें तीन आवासों पर एक पूर्व सांसद का कब्जा था।
बहराइच : मोतीपुर सिचाई कालोनी आवासों में लोग अवैध कब्जा जमाए हुए हैं। इनमें तीन आवासों पर एक पूर्व सांसद का कब्जा था। आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी की गई थी। नोटिस पर शनिवार पूर्व सांसद ने अपने तीन आवासों की चहारदीवारी को ढहा दिया। आवास व चहारदीवारी ढहाए जाने की सूचना पर विभागीय अधिकारी न तो मौके पर पहुंचे न कुछ बोलने को तैयार हैं।
वर्ष 1978 में सरयू नहर परियोजना के तहत मोतीपुर में 68 आवास बनाए गए थे। इन आवासों में विभागीय कर्मचारी के बजाए दूसरे लोग अवैध कब्जा जमा कर रह रहे थे। इस खबर को दो दिन पहले दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद अवैध कब्जा जमाए लोगों को नोटिस जारी कर सात दिनों में कब्जा न छोड़ने पर बलपूर्वक कार्रवाई करने की चेतावनी दी। कॉलोनी के तीन आवासों में पूर्व सांसद का कब्जा बताया जा रहा था। नोटिस से नाराज पूर्व सांसद ने चहारदीवारी समेत अन्य निर्माण को ढहा दिया। पूर्व सांसद का यह कदम चर्चा का विषय बना हुआ है। अन्य कब्जेदारों की ओर से अब तक आवासों से कब्जा नहीं हटाए हैं। पूर्व सांसद के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मोबाइल बंद रही।
वर्जन
पूर्व सांसद की ओर से आवास या फिर चहारदीवारी ढहाए जाने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं दी जा सकती है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
विनय कुमार, अधिशाषी अभियंता, सरयू नहर परियोजना