250 बीघा गेहूं की फसल जली, चार मकान भी खाक
शार्ट सर्किट तो कहीं चूल्हे की चिंगारी से हादसे 30 लाख की क्षति हवा के झोंकों के आगे बेबस रहे किसान
बहराइच : तराई में अग्निकांड की घटनाएं बेकाबू हो चली हैं। रविवार को शार्ट सर्किट से खेतों में लगी 250 बीघे गेहूं की फसल जल गई। चूल्हे से भड़की चिंगारी से लगी आग में चार फूस के घर भी राख के ढेर में तब्दील हो गए। हवाओं के झोंकों के बीच खेत में लगी मेहनत की फसल को बचाने में किसान बेबस नजर आए। घंटों बाद पहुंची दमकल कर्मियों के भी पसीने छूटे। अग्निकांड में लगभग 30 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फसल जलने से किसानों के सामने परिवार की जीविका के लिए चुनौती बन गई है।
नानपारा : तहसील नानपारा क्षेत्र के मोहरबा ग्रामपंचायत के अमवाभारी गांव में दोपहर में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। इसमें गांव के चंगुर, गोबरे, इसराइल, जवाहर, •ाहिर, मक्कू, साबिर, रियासत, भूरे, मुबारक, मकबूल, कादिर, मुंशरीफ, ननकू, हामिद, मुसारिफ, यूनुस, भजाऊ, मुस्लिम, इक़बाल, कारीमा, तुफैल, सूफिया, छोटू, जंग बहादुर, रसीद, मोटे समेत 30 किसानों की डेढ़ सौ बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। सूचना के बाद भी दमकल नहीं पहुंचा। तीन घंटे तक आग बुझाने के लिए ग्रामीण जूझते रहे। तहसीलदार नानपारा अमर चंद्र वर्मा ने बताया कि मुआवजा दिलाया जाएगा। गजाधारपुर : फखरपुर थाना के ग्राम पंचायत लालपुर जलालपुर में आग लगने से तीन किसानों की पांच बीघे फसल जल गई। लेखपाल अनोखे राम ने क्षति का आकलन किया। खुटेहना : पयागपुर में आग लगने से मनेंद्र श्रीवास्तव, फूलचंद श्रीवास्तव, रामराज, शेषराज, दरबारी लाल व जमी की 45 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। कैसरगंज : तहसील क्षेत्र के नकौड़ी शाहपुर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें जसवंत कुमार, पेशकार, रंजीत व नंदकिशोर के घर जलकर राख हो गए। डेढ़ लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। महसी : हरदी थाना क्षेत्र के नथुवापुर टेपरा में गेहूं की फसल में आग लगने से महादेव, मन्नू, महाराजदीन की 20 बीघे फसल जल गई। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि नुकसान के आकलन के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। विशेश्वरगंज : ग्राम पंचायत बालापुर में गेहूं की फसल में आग लग गई। इसमें 25 बीघे फसल जल गई। तहसीलदार पयागपुर मुकेश शर्मा ने कानूनगो नवल किशोर गुप्त व लेखपाल आशीष कुमार के साथ पहुंचकर क्षति का आकलन किया। भाजपा नेता निशंक त्रिपाठी ने पीड़ितों को आर्थिक सहयोग किया।