मगरमच्छ से संघर्ष कर युवक ने ग्रामीण की बचाई जान
बहराइच : बुधवार को कर्तनियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाढ़ा रेंज के मुखिया फार्म के पास जाने वाली स
बहराइच : बुधवार को कर्तनियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाढ़ा रेंज के मुखिया फार्म के पास जाने वाली सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गए ग्रामीण पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ग्रामीण को पानी में घसीटकर ले जाने लगा। चीखपुकार सुनकर मौके से गुजर रहे युवक ने पानी में छलांग लगा दी। दस मिनट तक नहर में मगरमच्छ से संघर्ष करने के बाद युवक ने मगरमच्छ के जबड़े में फंसे ग्रामीण को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। मगरमच्छ के हमले में घायल ग्रामीण को सीएचसी मिहींपुरवा में भर्ती कराया गया।
सुजौली थाना क्षेत्र के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के नवीनपुरवा मटेही निवासी कपूर (55) पुत्र टेंगरी गांव के पास से निकली सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गए थे। इस दौरान पानी में घात लगाकर छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दबोच लिया। मगरमच्छ कपूर को पानी में घसीट रहा था तो ग्रामीण अपने आप को बचाने के प्रयास में शोर मचा रहा था। चीख पुकार सुनकर पास से गुजर रहे बनकटी निवासी राम जन्म (35) पुत्र बद्री ने बहादुरी का परिचय देते हुए पानी में छलांग लगा दी। कपूर को बचाने के लिए युवक दस मिनट तक पानी में मगरमच्छ से संघर्ष करता रहा और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लाया। मगरमच्छ के हमले में कपूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे सीएचसी मिहींपुरवा में भर्ती कराया गया है।