52 लाख पौधों से तराई की धरा का हुआ वृक्षाभूषण
14 ब्लॉकों में एक साथ चला महाभियान हर वर्ग के लोगों ने किया पौधारोपण
बहराइच : जिले में वन महोत्सव के तहत रविवार को धरा को हरा भरा बनाने के लिए वृक्षाभूषण अभियान का शंखनाद हुआ। सभी चौदह ब्लाकों में अभियान चलाकर लगभग लभगभग 52 लाख पौध रोपित किए गए है। इस बार पौधारोपण का मुख्य फोकस औषधीय, फलदार व पर्यावरणीय पौधों के रोपण पर रहा। धरा को पौधों से विभूषित करने के लिए इस महाभियान में हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने फखरपुर ब्लॉक के प्यारेपुर गोशाला में पौधरोपण कर वन महोत्सव का श्रीगणेश किया। संरक्षित गोवंशों को रोटी व गुड़ भी खिलाया। कहा कि वृक्षों से ही हमें जीवन के लिए सबसे अधिक उपयोगी तत्व आक्सीजन की प्राप्ति होती है। कहा कि पर्यावरणीय समस्या के निदान का सबसे आसान व अचूक उपाय पौध रोपण है। प्रशिक्षु आइएएस सूरज पटेल, डीएफओ मनीष कुमार सिंह, गौरव वर्मा व अन्य मौजूद रहे। सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने गोलवाघाट स्थित मरीमाता मंदिर परिसर व रसूलपुर सरैय्या में पौधरोपण किया। महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने प्राथमिक विद्यालय नरकटिया परिसर में पौधरोपण किया। जिला जज चंद्रभान ने न्यायिक अधिकारी आवासीय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के साथ पौधरोपण किया। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय पयागपुर व बलहा विधायक सरोज सोनकर ने लक्ष्मणपुर में पौधरोपण किया। डीएम शंभु कुमार व एसपी विपिन कुमार मिश्र ने शिवपुर ब्लॉक के ग्राम इंटहा में पौध रोपित किए। मिहींपुरवा में भाजपा कार्यकर्ता शांती रावत ने पौध रोपित किए। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एसके वर्मा ने भी पौध लगाया। जरवल के धनराज इंटर कॉलेज में ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह व बीडीओ ने पौधारोपण किया। विशेश्वरगंज, पयागपुर, रुपईडीहा, महसी, कैसरगंज, गजाधरपुर, बौंड़ी, रिसिया, बाबागंज, चर्दा समेत सभी 14 ब्लॉकों में कुल 51 लाख 610 पौधे रोपित किए गए हैं।