सुलह-समझौते से निपटाए गए 244 मामले
दीवानी न्यायालय में माइक्रो लोक अदालत का हुआ आयोजन वसूला 22 हजार 550 रुपये जुर्माना
संसू, श्रावस्ती : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में माइक्रो लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान सुलह-समझौते से 244 मामलों का निस्तारण कर 22 हजार 550 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
माइक्रो लोक अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद ने 190 लघु आपराधिक मामलों का निस्तारण किया। उनकी ओर से 16 हजार 720 रुपये का जुर्माने वसूल किया गया। सिविल जज प्रवर खंड जयहिद कुमार सिंह ने 4280 रुपये का जुर्माना वसूला। सिविल जज अवर खंड प्रभात कुमार सिंह ने 15 लघु आपराधिक मामलों का निस्तारण कर 1250 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूल किए। इसी प्रकार न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल उपाध्याय ने 10 आपराधिक मामलों का निस्तारण कर 100 रुपये जुर्माना वसूला। अपर सिविल जज शुभम द्विवेदी ने 100 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले। इसी प्रकार अपर सिविल जज एफटीसी असगर अली ने 10 मामलों का निस्तारण कर 100 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए। ग्राम न्यायालय इकौना के न्यायाधिकारी बृजेंद्र त्रिपाठी ने 19 लघु आपराधिक मामलों का निस्तारण किया।