फोन पर तलाक..तलाक.तलाक
जासं, बागपत : एक मुस्लिम महिला का आरोप है कि उसके पति ने फोन पर ही उसे तीन तलाक बोल दि
जासं, बागपत : एक मुस्लिम महिला का आरोप है कि उसके पति ने फोन पर ही उसे तीन तलाक बोल दिया। यही नहीं उसके पति ने बिना रजामंदी के दूसरी महिला से निकाह भी कर लिया। हालांकि घटना दो माह पुरानी बताई जा रही है। महिला ने डीएम से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
केंद्र सरकार ने बुधवार को ही तीन तलाक पर अध्यादेश जारी किया है। गुरुवार को जनपद गाजियाबाद के थाना मुरादनगर के ग्राम भिक्कनपुर निवासी रुखसार अपने पिता शौकीन अली के साथ कलक्ट्रेट पहुंची। डीएम ऋषिरेन्द्र कुमार से मिलकर उसने बताया कि 27 अक्टूबर 2010 को उसका निकाह जिले के थाना खेकड़ा के एक गांव निवासी युवक ताहिर से हुआ था। कुछ दिनों बाद ही पति और ससुरालवालों ने दहेज की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक व शारीरिक शोषण किया गया। कई बार समझाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं निकला। यही नहीं ससुरालवालों ने उसे घर से भी निकाल दिया। 19 फरवरी 2018 को खेकड़ा थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला भी दर्ज कराया। रुखसार का आरोप है कि करीब दो माह पूर्व उसके पति ने फोन किया और फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पति ने उसकी रजामंदी के बिना दूसरा निकाह भी कर लिया। महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि उसने पुलिस को पति के दूसरे निकाह की जानकारी दी, इसके बावजूद पुलिस ने दूसरा निकाह रुकवाने की कोशिश तक नहीं की। यही नहीं एक पुलिस अधिकारी ने उसके साथ अभद्रता भी की। उधर, इस बारे में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।