घर-घर ढूंढ़े जा रहे टीबी रोगी, तीसरा चरण आरंभ
जिले में टीबी के मरीज खोजने के लिए टीबी विभाग की टीम अब घर-घर पहुंच रही है। अभी तक दो चरण में 17 रोगी ढूंढ़े जा चुके हैं। शुक्रवार को तीसरा चरण शुरू किया जा चुका है।
बागपत, जेएनएन। जिले में टीबी के मरीज खोजने के लिए टीबी विभाग की टीम अब घर-घर पहुंच रही है। टीमों ने दो चरण में 17 मरीजों को खोज निकाला है। अब बाकी दो चरण 30 अक्टूबर तक चलाए जाएंगे। इन दो चरणों में टीम प्राइवेट अस्पताल में उपचार करा रहे टीबी के मरीज का डिटेल लेकर उनके स्वजन की जांच करेंगी। साप्ताहिक पैठ और भट्ठों पर भी जांच की जाएगी।
टीबी मुक्त भारत अभियान चार चरणों में अक्टूबर माह तक चलेगा। सबसे पहले स्पेशल अभियान में पांच टीबी के मरीज खोजे गए थे। वहीं दूसरे अभियान में 12 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई थी। अब तीसरे अभियान की शुरूआत शुक्रवार से शुरू हुई है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम फल-सब्जी मंडी, श्रमिक बाजार, भवन निर्माण, भट्ठा, साप्ताहिक बाजार में यह अभियान चलाएगी। यहां पर संदिग्ध टीबी के मरीजों की जांच करेगी। पुष्टि होगी तो उन्हें घर पर ही दवा उपलब्ध कराई जाएगी। टीम ने काम शुरू कर दिया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. यशवीर सिंह ने बताया कि जिले में 1300 मरीज टीबी के है। सितंबर और अक्टूबर माह में टीबी के मरीज खोजे जाएंगे। इस माह के दो चरण समाप्त हो गए हैं, जिसमें 17 मरीज खोज लिए हैं। अन्य स्थानों पर टीम अभियान चलाकर टीबी के मरीज खोजेगी।
गौना में महिला, सरफाबाद
में व्यक्ति की बुखार से मौत
संवाद सहयोगी, खेकड़ा : तहसील क्षेत्र में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ने के साथ मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। गौना गांव निवासी कई दिन बुखार की चपेट में रही महिला गीता पत्नी मनोज शर्मा का अस्पताल में इलाज चल रहा था। बताते हैं कि चार दिन पूर्व अस्पताल से घर भेजा गया था। शुक्रवार की रात में महिला की मौत हो गई। उधर सरफाबाद गांव निवासी भूरू पुत्र सीनू को पिछले सप्ताह बुखार आया था। स्वजन प्राइवेट डाक्टर से उसका इलाज करा रहे थे। शुक्रवार की रात में अचानक तबीयत बिगड़ी तो स्वजन उसे डाक्टर के पास ले जाने लगे। रास्ते में ही भूरू ने दम तोड़ दिया। दोनों गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण को बुखार ने गिरफ्त में ले रखा है। इससे चिंतित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में शिविर लगाने की मांग की है।